Epstein Files : फाइल में हुए खुलासे को लेकर कांग्रेस का तीखा प्रहार, कहा- क्या वो एप्सटीन के संपर्क में थे, पीएम मोदी दें जवाब
'एप्सटीन फाइल' के मामले पर स्पष्टीकरण दें प्रधानमंत्री: कांग्रेस
Epstein Files : कांग्रेस ने अमेरिका में जारी "एप्सटीन फाइल" में हुए "खुलासों" के बाद रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस मामले पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने 'एक्स' पोस्ट किया, "एप्सटीन फाइल के नए बैच की रिपोर्ट इस बात की बड़ी चेतावनी हैं कि किस तरह के लोगों की प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंच है और वह विदेशी दबाव/हेरफेर के प्रति कितने संवेदनशील हैं।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस मांग करती है कि प्रधानमंत्री स्वयं इन खुलासों पर सामने आकर सच बताएं, जो गंभीर सवाल खड़े करते हैं।" कांग्रेस नेता ने सवाल किया, "क्या उन्होंने जेफ्री एप्सटीन से मुलाकात की? या उन्होंने किसी को उससे मिलने भेजा? एप्सटीन के साथ उनकी बातचीत में क्या-क्या शामिल था?"
वेणुगोपाल ने दावा किया कि उतनी ही चिंताजनक एक रिपोर्ट यह भी है कि जब भारत की विदेश नीति में बड़ा बदलाव हो रहा था, तब प्रधानमंत्री मोदी एप्सटीन जैसे "दागी" लोगों की धुन पर "नाच-गा रहे" थे। भारत के लोगों को जवाब चाहिए। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "प्रधानमंत्री को स्वयं स्पष्टीकरण देना चाहिए।" कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी सवाल किया कि क्या 2019 के लोकसभा चुनाव के आसपास प्रधानमंत्री मोदी एप्सटीन संपर्क में थे।
भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ भ्रामक सूचना फैलाने का आरोप लगाया था और कहा था कि कांग्रेस ने जेफ्री एप्सटीन से जुड़ी जांच फाइलों के एक सामान्य ईमेल अंश को तोड़-मरोड़कर राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की है। विदेश मंत्रालय ने जेफरी एपस्टीन से संबंधित जांच फाइलों में प्रधानमंत्री मोदी के संदर्भ को शनिवार को सिरे से खारिज करते हुए इसे ''एक दोषी अपराधी के तुच्छ चिंतन से अधिक कुछ नहीं'' करार दिया।

