Energy Crisis : PM मोदी ने कहा- घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं
यह रैली 23 जनवरी के बाद से राज्य में राजग की तीसरी रैली है
Energy Crisis : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों से अपील की कि वे पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण रसाई गैस आपूर्ति में आई बाधा के मद्देनजर अफवाहों पर ध्यान न दें और आग्रह किया कि केवल सत्यापित जानकारी ही प्रसारित की जाए।
प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी देश भर में होटल उद्योग को प्रभावित करने वाली व्यावसायिक द्रवित पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की कमी और इस मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना के साथ-साथ आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की संभावित किल्लत या कीमतों में उछाल की आशंकाओं के बीच आई है। मोदी ने यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तमिलनाडु में द्रमुक शासन की भी आलोचना की और कहा कि लोग ऐसी सरकार चाहते हैं जो हर परिवार के लिए काम करे, न कि केवल एक परिवार के लिए। मैं लोगों से अपील करना चाहूंगा कि हम केवल सही और सत्यापित जानकारी ही फैलाएं।
जाहिर तौर पर उनका इशारा खाड़ी क्षेत्र को प्रभावित करने वाले अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण आपूर्ति में व्यवधान से उत्पन्न एलपीजी संकट की ओर था। इस संघर्ष ने पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति शृंखला को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, ''घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है। हमने देखा है कि हमारी सरकार हमेशा भारत के हितों को सर्वोपरि रखती है। उन्हें विश्वास है कि एक राष्ट्र के रूप में "हम हर परिस्थिति का सफलतापूर्वक सामना करेंगे"।
प्रधानमंत्री ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए कहा कि द्रमुक शासन में सब कुछ एक ही परिवार से शुरू और खत्म होता है...2021 में तमिलनाडु की जनता द्रुमक को सत्ता में लाई और इसे जिम्मेदारी के रूप में लेने के बजाय, उन्होंने जनादेश के साथ विश्वासघात किया। लोग जानते हैं कि राजग तमिलनाडु में बदलाव ला सकता है। यह रैली 23 जनवरी के बाद से राज्य में राजग की तीसरी रैली है। अन्नाद्रमुक तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व करती है और इसके घटक दलों में भाजपा, पीएमके और एएमएमके शामिल हैं।
उन्होंने राज्य की द्रमुक-नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस प्रकार सभी नदियां समुद्र में जाकर मिलती हैं, उसी प्रकार तमिलनाडु में भ्रष्टाचार का सारा पैसा एक ही परिवार के पास जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रविड़ पार्टी अपने "वैज्ञानिक भ्रष्टाचार मॉडल" के लिए कुख्यात है। सत्तारूढ़ द्रमुक पर तीखा हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि आज तमिलनाडु को एक ही परिवार का एटीएम बनाने के लिए उसी वैज्ञानिक भ्रष्टाचार मॉडल का इस्तेमाल किया जा रहा है। नौकरी के बदले धन के मामले में द्रमुक पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब नौकरियों को पैसों के बदले बेचा जाता है, तो मध्यम वर्ग और गरीबों के सपने चकनाचूर हो जाते हैं।
मोदी ने कहा कि पूरे तमिलनाडु ने द्रमुक सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। मदुरै को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा मिलने पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दुनिया को शहर के दरवाजे तक ला खड़ा किया है। उन्होंने तिरुचिरापल्ली हवाई अड्डे के नए टर्मिनल की सराहना करते हुए कहा कि यह 'आधुनिक होने के साथ-साथ तमिलनाडु की संस्कृति में भी पूरी तरह से समाहित है। 2 साल पहले शहर में हुए अपने "दिव्य अनुभव" को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तिरुचिरापल्ली, "साहस और आस्था की भूमि" में फिर से लोगों के बीच होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

