Elephant Terror in Jharkhand : झारखंड में जंगली हाथी का कहर, एक ही परिवार के 4 सदस्यों समेत 6 की मौत, इलाके में दहशत
रात में गांवों में घुसा हाथी, जमकर मचाया उत्पात
Elephant Terror in Jharkhand : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में जंगली हाथी के दो अलग अलग हमलों में एक ही परिवार के 4 सदस्यों समेत कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चाईबासा मंडल के वन अधिकारी आदित्य नारायण ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लोगों पर हमले कर रहा हाथी मंगलवार देर रात नोआमुंडी और हटगामारिया थाना क्षेत्रों में घुस गया। इसी दौरान उसने 6 लोगों को कुचलकर मार डाला।
4 लोग घायल, पहले भी गई थीं जानें
वन विभाग के अनुसार हाथी के हमले में 4 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि इससे एक दिन पहले भी इसी हाथी ने एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत 7 लोगों की जान ले ली थी, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है।
विशेषज्ञ टीम तैनात, रेल सेवाएं प्रभावित
हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने के लिए वन विभाग की टीमों को लगाया गया है। इस अभियान में बांकुड़ा जिले के विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है। हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र से गुजरने वाली कई रेलगाड़ियां एहतियातन रद्द कर दी गई हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

