Government Formation : तमिलनाडु में सरकार बनाने की कवायद तेज, विजय ने राज्यपाल से की मुलाकात
विजय ने पहली बार दोनों वामपंथी दलों के कार्यालयों का दौरा किया है
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी टीवीके के अध्यक्ष चंद्रशेखर जोसफ विजय ने वामपंथी दलों से समर्थन मिलने के बाद शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से लोक भवन में मुलाकात की, ताकि उनसे सरकार बनाने का निमंत्रण प्राप्त किया जा सके। सूत्रों के अनुसार विजय पहले ही सरकार बनाने का दावा पेश कर चुके हैं, लेकिन संख्या को लेकर राज्यपाल संतुष्ट नहीं हैं।
विजय की राज्यपाल से मुलाकात संक्षिप्त रही। वामपंथी दलों द्वारा बिना शर्त समर्थन देने का वादा करने के कुछ घंटों बाद, विजय गुइंडी में राज्यपाल के कार्यालय पहुंचे। टीवीके समर्थकों को उम्मीद है कि अर्लेकर उन्हें सरकार बनाने का निमंत्रण देंगे। विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम को 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीट मिली है जो बहुमत के लिए जरूरी 118 सदस्यों की संख्या से कम है।
नतीजे आने के कुछ घंटों के बाद ही द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने विजय को समर्थन देने की घोषणा कर दी थी। पार्टी के सदन में पांच सदस्य निर्वाचित हुए हैं। विजय ने सरकार बनाने की कोशिशों के तहत द्रमुक की सहयोगी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके) से संपर्क किया था।
तीनों दलों के सदन में दो-दो विधायक हैं। भाकपा और माकपा ने विजय को समर्थन देने की घोषणा कर दी है जबकि वीसीके ने कहा कि वह शनिवार को फैसला लेगी। विजय बाद में भाकपा और माकपा के राज्य मुख्यालय गए और वाम नेताओं को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। विजय ने पहली बार दोनों वामपंथी दलों के कार्यालयों का दौरा किया है।

