Sanjeev Arora ED Raid: तीन दिन में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED ने दूसरी बार की छापामारी
Sanjeev Arora ED Raid: घर, दफ्तर और सहयोगियों के ठिकानों पर सर्च, AAP ने बताया राजनीतिक कार्रवाई
Sanjeev Arora ED Raid: पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora( एक बार फिर जांच के दायरे में आ गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate ED) ने शुक्रवार सुबह उनसे जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे ED की टीमों ने अरोड़ा के आवास, सरकारी कार्यालयों और उनके कारोबारी सहयोगियों व परिवार के सदस्यों से जुड़े परिसरों पर एक साथ कार्रवाई की। इनमें उनकी बेटी से जुड़े स्थान भी शामिल बताए जा रहे हैं।
यह इस सप्ताह में दूसरी बार है जब ED ने उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। इससे पहले बुधवार को भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान संजीव अरोड़ा यूरोप के आधिकारिक दौरे पर जा रहे थे। यह दौरा पंजाब सरकार के “इन्वेस्ट पंजाब” कार्यक्रम के तहत विदेशी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
अरोड़ा ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा, “मुझे इस कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं थी। टीम मेरे सभी ठिकानों और कार्यस्थलों पर मौजूद है।” उन्होंने फिलहाल इस मामले पर अधिक टिप्पणी करने से इनकार किया।
अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनात किया गया था, जबकि पंजाब पुलिस इस ऑपरेशन का हिस्सा नहीं थी।
हालांकि, ED ने अभी तक जांच की प्रकृति या आरोपों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन लगातार दूसरी बार हुई छापेमारी से यह संकेत मिल रहा है कि मामला वित्तीय या कारोबारी गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है।
इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेताओं ने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने दावा किया कि तीन दिनों में पंजाब में AAP नेताओं पर यह दूसरी ED रेड है। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कहा कि इससे विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। फिलहाल, ED की जांच जारी है और इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
