Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

ED raids Hampton Sky Realty : जालंधर में ठेकेदार अमित बजाज समेत 6 ठिकानों पर छापेमारी

कई राज्यों में लेते हैं सरकारी ठेके, पूर्व की सरकारों सहित मौजूदा सत्ताधारी दल से भी बताए जा रहे करीबी संबंध

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
जालंधर में मंगलवार, 9 जून 2026 को प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के दौरान नगर निगम ठेकेदार अमित बजाज का आवास। इनसेट में अमित बजाज।
Advertisement

Jalandhar ED Raid : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत चल रही जांच के सिलसिले में पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मुख्य रूप से 'हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड' से जुड़े लोगों और संस्थाओं के खिलाफ की गई है। जांच एजेंसी की टीमों ने जालंधर, लुधियाना, बरेली और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में संदिग्धों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों को खंगाला और महत्वपूर्ण दस्तावेज व डिजिटल साक्ष्य जुटाए।

इस व्यापक अभियान के तहत जालंधर के न्यू जवाहर नगर स्थित नगर निगम के बड़े ठेकेदार अमित बजाज के आवास पर भी ईडी ने रेड की। अमित और उनके बड़े भाई इंद्रजीत बजाज जालंधर ही नहीं, बल्कि लुधियाना, मोहाली, ट्राई-सिटी और गुजरात सहित अन्य राज्यों में नगर निगम व अन्य सरकारी विभागों के प्रमुख ठेकेदार रहे हैं। यह दोनों भाई मैनपावर आउटसोर्सिंग के लिए सोसायटी चलाने का भी काम करते हैं।

Advertisement

राजनीतिक दलों से बजाज बंधुओं की नजदीकियां

सूत्रों के अनुसार, अमित बजाज ने अतीत में आम आदमी पार्टी के कई कार्यक्रमों की फंडिंग की थी और चुनावों के दौरान पार्टी को आर्थिक और बैकएंड सपोर्ट मुहैया कराया था। उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के करीब माना जाता था और अक्सर बैठकों में देखा जाता था। हालांकि, पंजाब में आप सरकार के सत्ता में आने से पहले बजाज बंधुओं के संबंध पूर्ववर्ती सरकारों के नेताओं से भी रहे हैं। बताया जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल चुनावों से पहले उनके आवास पर जा चुके हैं, और पिछली कांग्रेस सरकार के नेताओं के साथ भी उनके गहरे संबंध थे।

Advertisement

100 करोड़ रुपये के जीएसटी फर्जीवाड़े से जुड़े हैं तार

 हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड का यह मामला 100 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी फर्जीवाड़े और राउंड-ट्रिपिंग के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले ईडी ने इसी मामले में पंजाब के मंत्री और इस रियल एस्टेट कंपनी के पूर्व निदेशक संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। मंगलवार की ताजा छापेमारी उसी जांच की आगे की कड़ी मानी जा रही है, जिसमें अवैध फंड ट्रांसफर के अंतिम छोर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

केजरीवाल ने लगाया व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप

इस छापेमारी पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ईडी इस कार्रवाई के जरिए पंजाब में हिंदू व्यापारियों को निशाना बना रही है। उन्होंने व्यापारियों से न घबराने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब की आप सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है और ईडी की इस कार्रवाई का डटकर सामना करेगी।

हर शासनकाल में रहे हैं करीबी संबंध

बजाज बंधुओं के संबंध सिर्फ मौजूदा सरकार तक ही सीमित नहीं रहे हैं, बल्कि हर राजनीतिक शासनकाल में उनकी गहरी पैठ रही है। पंजाब में मौजूदा सरकार के आने से पहले वे शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भी बेहद करीबी माने जाते थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी चुनावों से पहले उनके आवास पर जा चुके थे, जबकि पिछले कार्यकाल के दौरान कांग्रेस नेताओं से भी उनके करीबी रिश्ते रहे हैं।

Advertisement
×