EC Raid : वोट के लिए नोट और शराब का खेल : चुनाव आयोग ने जब्त किए 1444 करोड़, बंगाल-तमिलनाडु में चौंकाने वाले आंकड़े
विधानसभा चुनाव 2026 : प्रलोभन मुक्त मतदान के लिए आयोग की बड़ी स्ट्राइक, 2021 के मुकाबले जब्ती में 40% का भारी उछाल
EC Raid : भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 5 राज्यों की 7 सीटों पर हुए उपचुनावों के दौरान अवैध प्रलोभनों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। आयोग द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस चुनावी सीजन में कुल 1444.96 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, शराब, ड्रग्स और कीमती धातुएं बरामद की गई हैं। यह आंकड़ा साल 2021 के विधानसभा चुनावों में हुई 1029.93 करोड़ रुपये की कुल जब्ती के मुकाबले 40.14 प्रतिशत ज्यादा है।
तमिलनाडु और बंगाल में सबसे ज्यादा 'पकड़-धकड़'Advertisement
चुनाव के दौरान सबसे अधिक जब्ती तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में दर्ज की गई। तमिलनाडु में कुल 662.28 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री पकड़ी गई, जो 2021 की तुलना में 48.40 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पश्चिम बंगाल में 573.41 करोड़ रुपये की जब्ती हुई, जिसमें पिछले चुनावों के मुकाबले 68.92 प्रतिशत का भारी इजाफा देखा गया है।
जब्ती का राज्यवार ब्यौरा (करोड़ रुपये में)
तमिलनाडु: कुल 662.28 करोड़ रुपये की जब्ती हुई, जिसमें 105.22 करोड़ नकद और 307.65 करोड़ के अन्य उपहार शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल: कुल 573.41 करोड़ रुपये जब्त किए गए, जिसमें सबसे अधिक 151.86 करोड़ रुपये की शराब और 130.28 करोड़ के ड्रग्स शामिल हैं।
असम: यहां कुल 117.24 करोड़ रुपये की सामग्री पकड़ी गई, जिसमें 70.08 करोड़ रुपये के ड्रग्स बरामद हुए।
केरल: कुल 80.67 करोड़ रुपये की जब्ती दर्ज की गई, जिसमें 12.12 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए।
पुडुचेरी: यहां कुल 9.72 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त की गई, जिसमें 8.99 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं शामिल हैं।
कुल योग: सभी चुनावी राज्यों को मिलाकर 154.89 करोड़ नकद, 183.33 करोड़ की शराब और 337.88 करोड़ के ड्रग्स सहित कुल 1444.96 करोड़ रुपये की जब्ती हुई।
ESMS तकनीक और उड़न दस्तों ने कसी नकेल
आयोग ने हिंसा और प्रलोभन मुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 7,470 फ्लाइंग स्क्वाड (FST) और इतनी ही संख्या में स्टेटिक सर्विलांस टीमें (SST) तैनात की थीं। इस बार की बड़ी सफलता के पीछे 'इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम' (ESMS) नामक आईटी प्लेटफॉर्म का बड़ा हाथ रहा, जिसने विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के बीच तालमेल को बेहतर बनाया। 26 फरवरी 2026 को इस सिस्टम के सक्रिय होने के बाद से 6 मई 2026 तक यह रिकॉर्ड जब्ती की गई है।
आचार संहिता समाप्त, केवल फालटा में रहेगी लागू
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल की 144-फालटा विधानसभा सीट को छोड़कर, अन्य सभी चुनावी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अब आदर्श चुनाव आचार संहिता (MCC) प्रभावी नहीं रहेगी। मुख्य सचिवों और डीजीपी के साथ कई समीक्षा बैठकों के बाद आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर संतोष जताया है।
