Dwarka SUV Accident : आरोपी नाबालिग के पिता ने जताया खेद, कानून का सामना करने की कही बात
टक्कर के समय 17 वर्षीय लड़का एसयूवी चला रहा था
Dwarka SUV Accident : दिल्ली के द्वारका इलाके में हाल में हुई एसयूवी दुर्घटना में आरोपी नाबालिग के पिता ने इस घटना पर गहरा खेद जताते हुए पीड़ित की मां से माफी मांगी और कहा कि वह "न्यायपालिका के निर्णय का पालन करने के लिए तैयार" हैं। हालांकि पीड़ित साहिल की मां इन्ना माकन ने कहा कि यह विडंबना है कि आरोपी के पिता ने दुर्घटना के 15 दिन बाद माफी मांगने का फैसला किया और अब तक व्यक्तिगत रूप से उनसे संपर्क करने का कोई प्रयास नहीं किया।
यह दुर्घटना 3 फरवरी को द्वारका क्षेत्र में हुई थी, जब कथित तौर पर सोशल मीडिया 'रील' बनाने के लिए तीव्र गति से चलाई जा रही एक एसयूवी ने एक मोटरसाइकिल और एक टैक्सी को टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय साहिल की मौत हो गई, जबकि एक कैब चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के समय 17 वर्षीय लड़का एसयूवी चला रहा था। आरोपी के पिता ने बताया कि घटना के समय वह काम के सिलसिले में गोरखपुर में थे। 3 फरवरी को मुझे फोन आया कि मेरा बेटा दुर्घटना का शिकार हो गया है। मैं तुरंत दिल्ली लौटा और पुलिस से पूरी जानकारी ली। साहिल की मौत पर दुख जताते हुए पिता ने कहा कि वह इस मामले में जान जाने से बेहद दुखी हैं। जिस मां ने अपना बेटा खोया है, उनसे मैं दिल से माफी मांगता हूं। मैं क्षमाप्रार्थी हूं और कानून तथा न्यायपालिका जो भी फैसला करेगी, उसका पालन करूंगा।
आरोपी के पिता ने कहा कि एक अभिभावक होने के नाते वह शोकाकुल परिवार के दर्द को समझ सकते हैं। साहिल की मां माकन ने आरोप लगाया कि आरोपी का परिवार पूरी तरह से अपने बेटे की जमानत हासिल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और उन्होंने अब तक माफी तक नहीं मांगी थी। उन्होंने कहा कि 15 दिन बाद, उन्हें अचानक याद आता है कि वह एक अभिभावक है। यह विडंबनापूर्ण है। पुलिस ने आरोपी के पिता को अब तक गिरफ्तार भी नहीं किया है, जो केवल अपने बेटे की जमानत सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
माकन ने दावा किया कि पुलिस या आरोपी के परिवार से किसी ने भी उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं किया है। शायद उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि एक अकेली मां इतने दृढ़ संकल्प के साथ सबूत जुटाएगी और मामले को आगे बढ़ाएगी। वे आर्थिक रूप से मजबूत हैं, मैं नहीं हूं। मैं उस मां का सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा हूं, क्योंकि मैं उनके नुकसान की भरपाई कभी नहीं कर सकता। उनके वाणिज्यिक वाहन प्रबंधकों और चालकों द्वारा संचालित किए जाते हैं। उनसे संबंधित सभी रिकॉर्ड पारदर्शी और सत्यापन योग्य हैं।
आरोपी के पिता ने इस घटना को अपने बेटे की "बड़ी गलती" बताया और कहा कि भविष्य में ऐसा दोबारा नहीं होगा। दिल्ली पुलिस ने नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देने के आरोप में पिता के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को घटना के बाद का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। राहगीर द्वारा रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में पीड़ित को सड़क पर पड़ा देखा जा सकता है और दुर्घटनास्थल पर एसयूवी खड़ी दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोग आरोपी और उसकी बहन को रोकते हुए भी नजर आ रहे हैं। द्वारका के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में खुद को 19 वर्ष का बताया था, लेकिन दस्तावेज की जांच में वह नाबालिग पाया गया। नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देने के मामले में उसके पिता के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

