ट्रस्ट भंग करो, SC निगरानी में हो जांच; राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का बड़ा हमला, चंपत राय की गिरफ्तारी की उठाई मांग
चंपत राय को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, प्रधानमंत्री देश से माफी मांगें: कांग्रेस
Ram Mandir Donation Row : कांग्रेस ने अयोध्या स्थित राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में मंगलवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ट्रस्ट के सदस्यों का चयन करने में अपनी गलती के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। पार्टी के वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह मांग फिर दोहराई कि इस पूरे मामले की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए और उसकी जगह नया ट्रस्ट गठित किया जाए, जिसमें कौन लोग शामिल होंगे, उस बारे में सभी शंकराचार्य जी, सुप्रीम कोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश, निर्मोही अखाड़ा के प्रतिनिधि तथा साधु-संत मिलकर तय करें। प्रधानमंत्री मोदी को इस गलती के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए कि उन्होंने ट्रस्ट में साधु-संतो को शामिल नहीं करके चंपत राय जैसे लोगों को जगह दी।
गोहिल का कहना था कि राम मंदिर से चढ़ावा चोरी की बात सामने आने से पहले प्रतिदिन 16-18 लाख रुपये का चढ़ावा जमा होता था, लेकिन इसके सार्वजनिक होने के बाद यह राशि बढ़कर 24-26 लाख रुपये प्रतिदिन हो गई। इससे यह संदेह पैदा होता है कि पहले प्रतिदिन लगभग 10 लाख रुपये का हेरफेर किया जाता था। भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण के लिए देशभर के करोड़ों लोगों ने श्रद्धापूर्वक चंदा दिया लेकिन ट्रस्ट ने उसका समुचित हिसाब-किताब सार्वजनिक नहीं किया।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और उसमें किसी भी तरह की कथित वित्तीय अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जा सकता। सनातन परंपरा में शंकराचार्यों के मत का विशेष महत्व है और शंकराचार्यों ने प्राण प्रतिष्ठा के मुहूर्त पर आपत्ति जताई थी लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी लाभ के लिए उनकी बात नहीं मानी। भाजपा भगवान राम के नाम का राजनीतिक लाभ उठाती रही है।
