राहुल गांधी ने पवन खेड़ा से लगवाए ‘झूठे आरोप’? किरेन रिजिजू के दावे से सियासी हलचल
हिमंत की पत्नी पर 'झूठे' आरोप लगाने के लिए रिजिजू ने राहुल, खेड़ा पर निशाना साधा
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज दावा किया कि कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बताया कि असम में साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने पवन खेड़ा से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनकी पत्नी रिंकी भुइयां के खिलाफ "झूठे आरोप" लगवाए थे।
अरुणाचल प्रदेश की एक नदी में तैराकी का वीडियो साझा करने को लेकर खेड़ा के साथ शुरू हुई जुबानी जंग को जारी रखते हुए रिजिजू ने दावा किया कि आरोपों का उल्टा असर होने के बाद कांग्रेस नेता (खेड़ा) को "इनाम" के तौर पर राज्यसभा की सीट दी गई। रिजिजू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं ने मुझे बताया कि राहुल गांधी ने पवन खेड़ा से असम चुनाव के आखिरी समय में हिमंत विश्व शर्मा और रिंकी भुइयां के खिलाफ झूठे आरोप लगाने को कहा था।
जब यह झूठ उल्टा पड़ गया, तो खेड़ा को इनाम के तौर पर राज्यसभा की सीट दे दी गई, जिसके वह हकदार नहीं हैं! इस दावे को लेकर कांग्रेस और खेड़ा की तरफ से फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं आई है। असम विधानसभा चुनाव के कुछ समय बाद जून में कांग्रेस ने कर्नाटक से राज्यसभा सीट के लिए खेड़ा को नामित किया था और बाद में वह निर्विरोध चुन लिए गए थे।
खेड़ा और हिमंत के बीच कई बार टकराव हुआ है। असम विधानसभा चुनाव के दौरान खेड़ा ने हिमंत की पत्नी पर आरोप लगाए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी और मामला कानूनी लड़ाई में बदल गया था, जो सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। ताजा पोस्ट ऐसे समय में आया है, जब खेड़ा ने एक दिन पहले रिजिजू पर तंज कसते हुए कहा था कि केंद्रीय मंत्री अपनी तैराकी की तकनीक पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते समय बार-बार राहुल गांधी का जिक्र करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया था कि रीजीजू लोकसभा में विपक्ष के नेता का जिक्र किए बिना "अर्ध-नग्न होकर तैरने" भी नहीं जा सकते। जवाब में रिजिजू ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि वह खेड़ा के "अनुशासनहीन आचरण" की शिकायत हिमंत से करेंगे।

