Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Grand Independence Day Sale
search-icon-img
Advertisement

धर्मेंद्र को पद्म विभूषण, सविता पूनिया और हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री

साल 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र। -फाइल फोटो
Advertisement
दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से सम्मानित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर साल 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की। इनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं।

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज वामपंथी नेता रहे वीएस अच्युतानंदन (मरणोपरांत), सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस केटी थॉमस, हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीतकार एवं मशहूर वायलिन वादक एन. राजम और प्रख्यात मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।

Advertisement

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी हरियाणा की सविता पूनिया को पद्मश्री से नवाजा जाएगा। हरियाणा के ही खेमराज सुंदरियाल को जामदानी बुनाई तकनीक को संरक्षित करने और हजारों कारीगरों को इसे सिखाने के लिए पद्मश्री से सम्मानित किये जाने की घोषणा की गई है। सुंदरियाल ने नये डिजाइन के साथ पानीपत 'खेस' को पुनर्जीवित किया और हथकरघा में पॉलिएस्टर धागे का प्रयोग शुरू किया।

Advertisement

पंजाब से महिला वनडे विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर, अनुभवी कोच बलदेव सिंह और संत निरंजन दास को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

चंडीगढ़ में रहने वाले पंजाब के सेवानिवृत्त डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू (88) को समाज सेवा के लिए पद्मश्री प्रदान किया जाएगा। पूर्व आईपीएस सिद्धू पिछले कई वर्षों से सड़कों की सफाई के अभियान में जुटे हैं। वह रोज सुबह झाड़ू लेकर निकलते हैं।

साइंस एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हिमाचल प्रदेश के प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रेम लाल गौतम को पद्मश्री से नवाजा जाएगा।

पार्श्व गायिका अलका यागनिक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, अभिनेता ममूटी और बैंकर उदय कोटक उन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें पद्म भूषण सम्मान के लिए चुना गया है। 'एड गुरु' के रूप में विख्यात पीयूष पांडे, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन और भाजपा के वरिष्ठ नेता वीके मल्होत्रा को मरणोपरांत पद्म भूषण, जबकि चरित्र अभिनेता सतीश शाह को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

मशहूर टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण, जबकि क्रिकेटर रोहित शर्मा को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर जगदीश कुमार, प्रसार भारती के पूर्व सीईओ शशि शेखर वेम्पति, अभिनेता आर माधवन और प्रसेनजीत चटर्जी उन हस्तियों में शामिल हैं, जिन्हें पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है।

पद्म पुरस्कारों के लिए चुनी गई हस्तियों में 90 महिलाएं और अनिवासी भारतीय (एनआरआई), भारतीय मूल के लोग (पीआईओ) तथा प्रवासी भारतीय नागरिक (ओसीआई) जैसी श्रेणियों के छह व्यक्ति शामिल हैं।

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र

सुभांशु शुक्ला
शुभांशु शुक्ला।

अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय एवं वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को भारत के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों के 70 कर्मियों को वीरता पुरस्कारों से सम्मानित करने की मंजूरी दी। इस वर्ष एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, एक मरणोपरांत सहित 13 शौर्य चक्र, एक 'बार टू सेना मेडल' (वीरता) और 44 सेना मेडल (वीरता) प्रदान किए जाएंगे। मेजर अर्शदीप सिंह, नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालाकृष्णन नायर को कीर्ति चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।

Advertisement
×