Delhi Weather : दिल्ली का मौसम फिर लेगा करवट, तीन दिन बारिश और बादलों का अनुमान; मौसम विभाग ने दी चेतावनी
दिल्ली में अगले तीन दिन तक बादल छाए रहने, हल्की बारिश की संभावना
Delhi Weather : राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य औसत से 1.3 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।
सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य औसत से 1.1 डिग्री अधिक है। शहर में शनिवार रात साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्ष आर्द्रता 65 प्रतिशत दर्ज की गई।
'समीर' ऐप के अनुसार, शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 86 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।

