Delhi University Murder : बंगाल से दिल्ली तक 1400 KM का सफर और खौफनाक साजिश; घर खाली नहीं किया तो परिवार ने कर दी प्रोफेसर की हत्या
Delhi University Murder : दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर रहीं देबोस्मिता पॉल 3 जून को पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गई थीं। वह अपने पति से अलग होने के बाद अकेले...
Delhi University Murder : दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर रहीं देबोस्मिता पॉल 3 जून को पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गई थीं। वह अपने पति से अलग होने के बाद अकेले रह रही थीं।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि पश्चिम बंगाल के बर्दवान में मौजूद देबोस्मिता की पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी परिवार 2023 से उस संपत्ति में रह रहा था और प्रोफेसर लगातार उनसे मकान खाली करने को कह रही थीं। पुलिस के मुताबिक, देबोस्मिता ने हाल ही में आरोपियों को संपत्ति खाली करने की अंतिम चेतावनी दी थी। इसके बाद दंपति ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई और करीब 1,400 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग
आरोपी पहले से प्रोफेसर को जानते थे। इसी वजह से वे बिना किसी शक के उनके फ्लैट तक पहुंच गए। पुलिस का मानना है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर हत्या को अंजाम दिया गया। अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरों में आरोपी दंपति और उनका नाबालिग बेटा इमारत में आते-जाते दिखाई दिए। फुटेज में वे अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करते नजर आए। कभी सीढ़ियों तो कभी लिफ्ट का इस्तेमाल कर उन्होंने शक से बचने की कोशिश की।
हत्या के बाद बदल लिए कपड़े
जांच में पता चला कि हत्या के बाद आरोपियों ने कपड़े बदले और चेहरा ढककर परिसर के आसपास घूमते रहे ताकि कोई उन्हें पहचान न सके। वारदात के बाद परिवार टैक्सी और ऑटो से आनंद विहार पहुंचा। वहां से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन गया और पूर्वा एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर पश्चिम बंगाल के बर्दवान पहुंच गया। दिल्ली आने से पहले आरोपी दल्लूपुरा के एक गेस्ट हाउस में रुके थे। वहां उन्होंने दूसरे लोगों के आधार कार्ड का इस्तेमाल किया, ताकि अपनी असली पहचान छिपा सकें।
चार राज्यों में छापेमारी के बाद गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस की सात टीमों ने चार राज्यों में जांच और छापेमारी की। सैकड़ों लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस बर्दवान पहुंची और 7 जून को रामप्रसाद दास, उनकी पत्नी बनश्री दास और उनके नाबालिग बेटे को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतका का मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल किया गया रेजर, कपड़े, टोपी, बैग और ट्रेन टिकट समेत कई अहम सबूत बरामद किए हैं।
फिलहाल आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
