Udyog Bhawan Fire: राजधानी में बड़ा हादसा, उद्योग भवन के पास मजदूरों के 200 अस्थायी आवास जलकर खाक, बाल-बाल बची जान
तड़के 3 बजे बिजली पैनल से भड़की आग; दमकल की 19 गाड़ियों ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
Udyog Bhawan Fire: राजधानी दिल्ली में सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत ध्वस्त किए जा रहे उद्योग भवन के पास बुधवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हुआ। यहां काम करने वाले मजदूरों के लिए टिन शेड से बने लगभग 200 अस्थायी आवास भीषण आग की चपेट में आकर पूरी तरह राख हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार तड़के 3 बजकर 2 मिनट पर मजदूरों के अस्थायी आवासों के नजदीक एक बिजली पैनल में आग लगने की सूचना मिली थी। देखते ही देखते आग टिन शेड वाले कमरों में तेजी से फैल गई। शुरुआत में मौके पर दमकल की दो गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अभियान का दायरा बढ़ाया गया। इसके बाद पानी के बड़े टैंकरों और अन्य विशेष इकाइयों सहित कुल 19 दमकल वाहनों को मौके पर तैनात किया गया।
सिलेंडरों को पहुंचा नुकसान, कारण अज्ञात
अधिकारियों के अनुसार, इस भीषण आग में श्रमिकों के लगभग 200 अस्थायी आवास और वहां रखे कई एलपीजी सिलेंडर क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। गौरतलब है कि 1950 के दशक के उत्तरार्ध में निर्मित उद्योग भवन को केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी पुनर्विकास कार्यक्रम के तहत ध्वस्त करने का काम शुरू हो चुका है। इसके निकट स्थित निर्माण भवन के ध्वस्तीकरण के बाद अब उद्योग भवन को गिराने की प्रक्रिया चल रही है।

