Crime Against Child : बच्चे को उल्टा लटकाया और डंडे से की पिटाई... शिक्षा के मंदिर में टीचर ने पार की दरिंदगी की सारी हदें
CCTV में कैद हुई टीचर की हैवानियत, बच्चों की चीखों से कांपा असम
Crime Against Child : असम के चराइदेव जिला से सामने आई एक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। जिस स्कूल को बच्चों के भविष्य और सुरक्षा की जगह माना जाता है, वहीं एक टीचर की कथित क्रूरता ने मासूमों के मन में डर भर दिया। मथुरापुर बागीचा प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक मोहम्मद आरिफुल इस्लाम पर नाबालिग छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है।
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब स्कूल के प्रधानाध्यापक ने कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। वीडियो में टीचर छोटे-छोटे बच्चों को डंडों से पीटता नजर आया। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि टीचर ने एक छात्र को पकड़कर उल्टा लटका दिया और खिड़की से बाहर फेंकने जैसी हरकत की। सीसीटीवी देखने के बाद स्कूल प्रशासन और पेरेंट्स के होश उड़ गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, इलाके में गुस्से की लहर दौड़ गई। पेरेंट्स ने स्कूल पहुंचकर आरोपी टीचर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि अगर स्कूलों में ही बच्चे सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो पेरेंट्स अपने बच्चों को किस भरोसे शिक्षा दिलाने भेजेंगे।
टीचर को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी टीचर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, असम टी ट्राइब्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की मांग की है। शिक्षा विभाग ने भी मामले को गंभीर मानते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
यह घटना सिर्फ एक स्कूल की नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के लिए चेतावनी है। बच्चों पर हिंसा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती। अब सवाल यह है कि क्या ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्कूलों में निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था और मजबूत की जाएगी?
