Cockroach Janta Party के संस्थापक अभिजीत दीपके को जान से मारने की धमकी, सोशल मीडिया पर साझा किए स्क्रीनशॉट
Abhijeet Dipke Threat: व्हाट्सऐप पर मिली धमकी के बाद बढ़ी चिंता; CJP की बढ़ती लोकप्रियता के बीच परिवार पहले से जता चुका है गिरफ्तारी और सुरक्षा का डर
Abhijeet Dipke Threat: सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रही व्यंग्यात्मक डिजिटल मुहिम कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में दीपके ने खुद अपने आधिकारिक X अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए व्हाट्सऐप पर मिले धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए हैं।
दीपके के मुताबिक यह धमकी उन्हें व्हाट्सऐप के जरिए भेजी गई। स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो गया है और उनके समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई है। कई यूजर्स ने मामले की जांच और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग उठाई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अभिजीत दीपके के माता-पिता पहले ही उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुके हैं। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले उनके पिता भगवान दीपके और मां अनीता दीपके ने हाल ही में एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा था कि उन्हें डर है कि उनका बेटा किसी बड़ी मुसीबत में फंस सकता है या गिरफ्तार किया जा सकता है।
इससे पहले अभिजीत दीपके ने भी एक इंटरव्यू में भारत लौटने पर गिरफ्तारी की आशंका जताई थी। अब जान से मारने की धमकी मिलने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है।
गौरतलब है कि बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्रअभिजीत दीपके ने करीब एक सप्ताह पहले ‘Cockroach Janta Party’ की शुरुआत की थी। देखते ही देखते इस डिजिटल अभियान के इंस्टाग्राम पर 20.4 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हो गए।
यह मुहिम भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की उस टिप्पणी के बाद चर्चा में आई थी, जिसमें उन्होंने एक वकील के संदर्भ में “परजीवी” और “कॉकरोच” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया और उनका इशारा केवल फर्जी डिग्री के जरिए वकालत में आने वाले लोगों की ओर था।
