‘मावां धियां सत्कार योजना’ की दूसरी किस्त आज जारी करेंगे CM भगवंत मान, 36.87 लाख महिलाओं के खातों में आएंगे 1,260 करोड़
सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 और अनुसूचित जाति की लाभार्थियों को 4,500 मिलेंगे; गोइंदवाल साहिब में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बृहस्पतिवार को ‘मावां धियां सत्कार योजना’ की दूसरी किस्त जारी करेंगे। इसके तहत राज्य की 36,87,677 महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की राशि के रूप में कुल 1,260 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए जाएंगे।
गोइंदवाल साहिब में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। योजना के तहत सामान्य वर्ग की प्रत्येक पात्र महिला को तीन महीने के लिए 3,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति की लाभार्थियों को 4,500 रुपये मिलेंगे।
दूसरी किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत अब तक लाभ पाने वाली महिलाओं की कुल संख्या 73.99 लाख हो जाएगी। इन लाभार्थियों के खातों में कुल 2,562 करोड़ रुपये की राशि पहुंचाई जाएगी।
महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने की योजना
‘मावां धियां सत्कार योजना’ पंजाब सरकार की प्रमुख महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसके माध्यम से पात्र महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। सरकार प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचा रही है।
सरकार की ओर से पहली किस्त पहले ही लाभार्थियों को दी जा चुकी है। इसके बाद पात्र महिलाओं को लाभार्थी डेटाबेस में शामिल करने की प्रक्रिया भी जारी रही।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा लाभार्थी आधार
दूसरी किस्त का वितरण ऐसे समय हो रहा है, जब पंजाब में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार अपनी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है। गोइंदवाल साहिब में मुख्यमंत्री अपने संबोधन के दौरान महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं और प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता के विस्तार को प्रमुखता से रख सकते हैं।

