सलमान खान से नजदीकी का दावा, गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित जिम पर फायरिंग; लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से पोस्ट वायरल
Guru Randhawa Gym Shooting: पश्चिम विहार स्थित फिटनेस सेंटर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने चलाईं कई गोलियां; सोशल मीडिया पोस्ट में सलमान खान से नजदीकी को बताया वजह
Guru Randhawa Gym Shooting: पंजाबी गायक गुरु रंधावा (Guru Randhawa) से जुड़े एक जिम पर गुरुवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। पश्चिम विहार इलाके में स्थित ‘24 Hs Fitness’ जिम के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक गुट के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आई है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब चार बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक जिम के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शुरुआती जांच में कम से कम सात गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी सुबह करीब 5:15 बजे उस समय मिली जब जिम का स्टाफ वहां पहुंचा और गोलीबारी के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
फायरिंग के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसे कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित गुट की ओर से जारी बताया जा रहा है। पोस्ट में दावा किया गया कि पंजाबी गायक गुरु रंधावा की बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) के साथ बढ़ती नजदीकियों के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।
हालांकि पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां रंगदारी, संगठित अपराध से जुड़े संबंधों और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही हैं।
गुरु रंधावा इस फिटनेस सेंटर से मालिक और प्रमोटर के तौर पर जुड़े हुए हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग सुर्खियों में आ गया है, जो पहले भी सलमान खान और उनसे जुड़े लोगों को धमकियां देने के मामलों में चर्चा में रहा है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उनकी फरारी के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। मामले की जांच जारी है।
