Chhattisgarh boiler explosion : छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, बॉयलर विस्फोट में 11 मजदूरों की मौत; CM बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई
घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं
Chhattisgarh boiler explosion : छत्तीसगढ़ के सक्ती में मंगलवार को एक विद्युत संयंत्र के बॉयलर में हुए विस्फोट के कारण 11 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 22 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि घटना जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुई जहां वेदांता कंपनी के विद्युत संयंत्र में बॉयलर की ट्यूब में विस्फोट हो गया। घटना के समय वहां काफी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे। कम से कम 11 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 22 अन्य घायल हो गए। चार श्रमिकों की मौत घटनास्थल पर हुई तथा सात अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और मजदूरों को बाहर निकाला। 22 मजदूरों को रायगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी। संयंत्र में बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात किया गया है।
वेदांता विद्युत संयंत्र के प्रवक्ता ने बताया कि आज दोपहर हमारे सिंघीतराई संयंत्र की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार मिले। हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीम तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
हम घटना का पूरा विवरण जुटाने की प्रक्रिया में हैं, हमारे साझेदार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस मुश्किल समय में, हमारी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री साय ने हादसे पर शोक जताया तथा मामले के जांच के निर्देश दिए। साय ने कहा है कि इस दुर्घटना में श्रमिकों के निधन और कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य जारी हैं और घायलों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

