CBSE Exams Postponed : मिडिल ईस्ट में सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित
ईरान-इजराइल संघर्ष का असर : सब हेड: परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने जारी किया बयान, 3 मार्च को स्थिति की समीक्षा के बाद होगा आगे का फैसला
ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) के देशों में 2 मार्च को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने रविवार को इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की मौजूदा संवेदनशीलता को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। जिन देशों में परीक्षाएं स्थगित की गई हैं, उनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।
अगली तारीखों का जल्द होगा एलान संयम भारद्वाज के अनुसार, 2 मार्च की परीक्षा के लिए नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।
5 मार्च की परीक्षाओं पर कल होगा फैसला बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि 3 मार्च को मिडिल ईस्ट के हालातों की दोबारा समीक्षा की जाएगी। इस समीक्षा बैठक के बाद ही यह तय होगा कि 5 मार्च और उसके बाद होने वाली परीक्षाएं अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार होंगी या उनमें भी कोई बदलाव किया जाएगा। फिलहाल भारत और अन्य क्षेत्रों में परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही जारी रहेंगी।

