Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

CBSE Digital Evaluation : 2026 से कक्षा 12 की उत्तरपुस्तिकाओं का होगा डिजिटल मूल्यांकन

पारदर्शिता और सटीकता बढ़ाने की पहल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

CBSE Digital Evaluation : सीबीएसई ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं से कक्षा 12 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ‘ऑन स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत कक्षा 12 की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 2026 में कक्षा 10 की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्व की तरह भौतिक पद्धति से ही किया जाएगा।

सीबीएसई ने 9 फरवरी को सभी संबद्ध स्कूलों के प्राचार्यों को जारी सर्कुलर में कहा कि यह कदम मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं।

Advertisement

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि ओएसएम प्रणाली से अंकों की जोड़ में होने वाली त्रुटियां समाप्त होंगी और स्वचालित समन्वय के कारण मानवीय हस्तक्षेप न्यूनतम रहेगा। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया तेज होगी और अधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।

Advertisement

स्कूल से ही कर सकेंगे शिक्षक मूल्यांकन

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि शिक्षक अपने ही स्कूल परिसर से डिजिटल मूल्यांकन कर सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ यात्रा और अन्य खर्चों में भी कमी आएगी। इसके साथ ही परिणाम घोषित होने के बाद अंकों के सत्यापन की प्रक्रिया की आवश्यकता भी नहीं रहेगी, जिससे अतिरिक्त जनशक्ति की जरूरत घटेगी।

बोर्ड के अनुसार, इस व्यवस्था से देश और विदेश स्थित सभी सीबीएसई संबद्ध स्कूलों के शिक्षकों को मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसे पर्यावरण के अनुकूल डिजिटल सुधार भी बताया गया है।

तकनीकी ढांचे और प्रशिक्षण पर जोर

नई प्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने के लिए सीबीएसई ने स्कूलों को आवश्यक तकनीकी ढांचा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें कंप्यूटर लैब, पब्लिक स्टैटिक आईपी, विंडोज 8 या उससे ऊपर का ऑपरेटिंग सिस्टम, न्यूनतम 4 जीबी रैम, अद्यतन वेब ब्राउजर, एडोबी रीडर, कम से कम 2 एमबीपीएस इंटरनेट स्पीड और निर्बाध बिजली आपूर्ति शामिल है।

सीबीएसई ने कहा कि स्कूलों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों, ड्राई रन, निर्देशात्मक वीडियो और एक समर्पित कॉल सेंटर के जरिए सहयोग दिया जाएगा। ओएएसआईएस आईडी वाले शिक्षक प्लेटफॉर्म से जुड़कर पहले से अभ्यास भी कर सकेंगे। सीबीएसई हर वर्ष भारत सहित 26 देशों में कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं आयोजित करता है, जिनमें करीब 46 लाख छात्र शामिल होते हैं।

Advertisement
×