CBI Arrest : भ्रष्टाचार पर प्रहार... 50 लाख की रिश्वत के आरोप में सेना का कर्नल कोलकाता से गिरफ्तार
कानपुर की कंपनी को टेंडर में फायदा पहुंचाने और घटिया सैंपल पास करने का है आरोप; 18 मई को हुई गिरफ्तारी, दिल्ली लाया जा रहा
CBI Arrest : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना के एक कर्नल को गिरफ्तार किया है। कोलकाता में पूर्वी कमान के तहत आर्मी ऑर्डिनेंस कोर में तैनात कर्नल हिमांशु बाली को 50 लाख रुपये के कथित रिश्वत मामले में पकड़ा गया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी को 18 मई को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया था और अब आगे की जांच व पूछताछ के लिए उसे दिल्ली लाया जा रहा है।
कानपुर की कंपनी को पहुंचाया अनुचित लाभ
सीबीआई के अनुसार, कर्नल हिमांशु बाली पर कानपुर स्थित एक कंपनी को गलत तरीके से फायदा पहुंचाने का गंभीर आरोप है। अधिकारी ने कथित तौर पर टेंडर आवंटन में हेरफेर की, कंपनी के घटिया गुणवत्ता वाले सैंपलों को मंजूरी दी और लंबे समय से लंबित व बढ़ा-चढ़ाकर बनाए गए बिलों को पास कराने में मदद की। इसी अनुचित लाभ के एवज में कंपनी से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
हवाला के जरिए होनी थी रकम की डिलीवरी
एजेंसी द्वारा 18 मई को दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक, कर्नल ने लंबित रिश्वत के भुगतान के लिए उद्योगपति से संपर्क किया था। जब व्यवसायी ने नकदी की कमी का हवाला दिया, तो अधिकारी ने उसके ड्राइवर को फोन किया और वह रकम अपने एक परिचित तक पहुंचाने का निर्देश दिया। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 50 लाख रुपये की यह रिश्वत हवाला नेटवर्क (Hawala channels) के जरिए भेजी जानी थी। सीबीआई ने कर्नल और निजी ठेकेदार के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने के बाद यह गिरफ्तारी की है। इस एफआईआर में कर्नल के अलावा चार अन्य व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है।
