Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Budget Highlights 2026: देश में बनेंगे एम्स जैसे 3 बड़े आयुर्वेद अस्पताल, हर जिले में होगा महिला छात्रावास

Budget Highlights 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश में एम्स की तरह तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा हर जिले में एक बालिका छात्रावास की स्थापना की भी घोषणा की...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
बजट पेश करतीं निर्मला सीतारमण। फोटो स्रोत संसद टीवी एक्स अकाउंट
Advertisement

Budget Highlights 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश में एम्स की तरह तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा हर जिले में एक बालिका छात्रावास की स्थापना की भी घोषणा की है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश के हर जिले में एक बालिका छात्रावास स्थापित करने की रविवार को घोषणा की। देश में 700 से अधिक जिले हैं। सीतारमण ने पशु चिकित्सा महाविद्यालयों, अस्पतालों और जांच प्रयोगशालाओं के लिए ऋण से जुड़ी पूंजीगत सब्सिडी सहायता योजना का भी प्रस्ताव रखा।

Advertisement

मंत्री ने आयुष औषधालयों और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के उन्नयन तथा गुजरात के जामनगर में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के पारंपरिक चिकित्सा केंद्र की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रमुख औद्योगिक 'लॉजिस्टिक' केंद्रों के आसपास के क्षेत्रों में पांच विश्वविद्यालय टाउनशिप के लिए भी सहायता प्रदान करेगा।

Advertisement

सीतारमण ने चिकित्सकीय पर्यटन के लिए पांच केंद्र स्थापित करने और अगले पांच वर्ष में बायोफार्मा शक्ति कार्यक्रम के लिए 10,000 करोड़ रुपये का आवंटन करने का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए उन्होंने कहा, '' मैं राज्यों को पांच क्षेत्रीय चिकित्सकीय केंद्र स्थापित करने में सहायता देने के लिए एक योजना शुरू करने का प्रस्ताव रखती हूं।''

उन्होंने कहा कि ये केंद्र एकीकृत स्वास्थ्य सेवा परिसरों के रूप में कार्य करेंगे जिनमें चिकित्सकीय, शिक्षा और अनुसंधान सुविधाएं शामिल होंगी। मंत्री ने कहा, '' मैं अगले पांच वर्ष में 10,000 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ बायोफार्मा शक्ति परियोजना का प्रस्ताव करती हूं। इससे जैविक और 'बायोसिमिलर्स' दवाओं के घरेलू उत्पादन के लिए एक परिवेश का निर्माण होगा।''

उन्होंने कहा कि इस रणनीति में तीन नए राष्ट्रीय औषध शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जिन्हें लोकप्रिय रूप से एनआईपीईआरएस के नाम से जाना जाता है) के साथ एक बायोफार्मा-केंद्रित नेटवर्क शामिल होगा और सात मौजूदा संस्थानों का उन्नयन किया जाएगा।

सीतारमण ने कहा, '' इससे भारत में 1,000 मान्यता प्राप्त नैदानिक ​​परीक्षण स्थलों का एक नेटवर्क भी तैयार होगा। हम वैश्विक मानकों को पूरा करने और अनुमोदन समयसीमा को पूरा करने के लिए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन को मजबूत करने का प्रस्ताव करते हैं जिसके लिए एक समर्पित वैज्ञानिक समीक्षा दल एवं विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी।'' उन्होंने तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा।

Advertisement
×