Breaking news : झज्जर के मुनीमपुर में बड़ा हादसा, कुएं में उतरे चार लोगों की दम घुटने से मौत
पशु को बचाने के प्रयास में हुए हादसे से गांव में मातम, जहरीली गैस बनी मौत की वजह; पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
Jhajjar Well Tragedy : हरियाणा के झज्जर जिले के गांव मुनीमपुर में रविवार को दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पशु को बचाने के लिए गांव के एक कुएं में उतरे चारों लोगों का जहरीली गैस के कारण दम घुट गया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान चलाया, लेकिन चारों को बचाया नहीं जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुएं के भीतर जहरीली गैस भरी हुई थी। पशु को निकालने के प्रयास में एक के बाद एक चार लोग कुएं में उतरे और गैस की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक चले राहत अभियान के बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। बादली के विधायक कुलदीप वत्स भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

