Baramati Plane Crash: पुणे के बारामती में विमान हादसा, डिप्टी सीएम अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत
Baramati Plane Crash: विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था
Baramati Plane Crash: पुणे जिले में बुधवार सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब अजित पवार (66) का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था। 'फ्लाइट रडार' के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया।
पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई।
उन्होंने कहा, ''विमान में सवार सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।'' एक सूत्र ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि पायलट ने विमान को उतारने का प्रयास करने से पहले हवाई पट्टी के पास खराब दृश्यता के बारे में बताया था।
सूत्रों के अनुसार, 'बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस' के 'लेयरजेट डिवीजन' द्वारा निर्मित मध्यम आकार का बिजनेस जेट विमान 'लेयरजेट 45' (एलजे45) बारामती हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय रनवे से उतर गया और उसमें आग लग गई।
पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे पार्थ और जय हैं। सुनेत्रा राज्यसभा सदस्य हैं। हाल में पुणे और पिंपरी चिंचवड में हुए नगर निगम चुनाव में पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शरद पवार की राकांपा (शप) के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था।
अजित पवार को महाराष्ट्र के विकास में उनके विशेष योगदान के लिए याद किया जाएगा: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु पर बुधवार को शोक जताते हुए कहा कि उनका असामयिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि पवार को महाराष्ट्र के विकास खासकर सहकारी क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह पुणे जिले में विमान दुर्घटना में पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ''महाराष्ट्र के बारामती में एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री, श्री अजित पवार समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अजित पवार जी का असामयिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें महाराष्ट्र के विकास में विशेषकर सहकारी क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सदैव याद रखा जाएगा। मैं उनके परिवार, समर्थकों एवं प्रशंसकों के प्रति गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। ईश्वर इस दुर्घटना में मारे गए अन्य सभी लोगों के परिवारों को भी इस आघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''
विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु से स्तब्ध हूं: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि वह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि अजित पवार आम लोगों के नेता थे और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ काफी मजबूत थी।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह पुणे जिले में विमान हादसे में पवार (66) समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब विमान जिले के बारामती क्षेत्र में उतर रहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "अजित पवार जननेता थे और उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वह हमेशा समर्पित रहे और एक परिश्रमी नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था।''
उन्होंने कहा, ''प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ तथा गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका समर्पण भी उल्लेखनीय था। उनकी असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। उनके परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।" प्रधानमंत्री ने मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में अजित पवार के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की।
अजित पवार के निधन पर ममता बनर्जी ने शोक जताया, जांच की मांग की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। बनर्जी ने घटना की उचित जांच की भी मांग की। बनर्जी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अजित पवार के अकास्मिक निधन से स्तब्ध हूं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री तथा उनके साथ सवार अन्य लोगों की आज सुबह बारामती में हुए भीषण विमान हादसे में मृत्यु हो गई। इस घटना से गहरे शोक में हूं। उनके परिवार, उनके चाचा शरद पवार जी सहित, तथा दिवंगत अजित के सभी मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।" उन्होंने कहा, "इस घटना की उचित जांच होनी चाहिए।"

