Breaking News : शिक्षा मंत्री के काफिले की पायलट गाड़ी पर गिरा बिजली का पोल, थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
सीवन में टला बड़ा हादसा, मंत्री महिपाल ढांडा सुरक्षित
Mahipal Dhanda Accident : प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के काफिले के साथ उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज आंधी के दौरान उनकी पायलट गाड़ी पर बिजली का पोल गिर गया। हादसे में पायलट गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि शिक्षा मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सीवन में नगर पालिका अध्यक्षा हेम लता सैनी के निवास पर एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस रवाना हो रहे थे। उनके काफिले के आगे थाना सीवन की पायलट गाड़ी चल रही थी, जिसमें थाना प्रभारी सहित पुलिस कर्मचारी सवार थे।
जैसे ही काफिला नगर की डीएवी कॉलोनी के निकट पहुंचा, तेज हवा के कारण सड़क किनारे लगा एक बड़ा बिजली का पोल अचानक उखड़कर पायलट गाड़ी पर आ गिरा। दुर्घटना में पायलट गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा है। थाना प्रभारी सीवन जय भगवान ने बताया कि हादसे के समय गाड़ी में चार पुलिस कर्मचारी सवार थे।
दुर्घटना में थाना प्रभारी जय भगवान व चालक तरसेम को चोट लगी है। वहीं अन्य कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह पोल सीधे मंत्री के वाहन या पीछे चल रही अन्य गाडियों पर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
