Kala Hiran Dispute : मेरी पहचान का हो रहा गलत इस्तेमाल... काला हिरण पर सलमान का बड़ा एक्शन, पोस्टर और प्रमोशन पर रोक की मांग
काला हिरण केस पर फिल्म बनाने वालों को सलमान की कानूनी चुनौती
Kala Hiran Dispute : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी इमेज और व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। एक्टर ने 'काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी' फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ अंतरिम राहत की मांग की है। उनका आरोप है कि फिल्म में बिना अनुमति उनकी पहचान और छवि का इस्तेमाल किया जा रहा है।
फिल्म के पोस्टर पर जताई आपत्ति
सलमान खान की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि फिल्म के पोस्टर और प्रमोशन में दिखाया गया किरदार उनसे काफी मिलता-जुलता है। इतना ही नहीं, किरदार के हाथ में हथियार और उनके जैसे मशहूर नीले ब्रेसलेट को भी दिखाया गया है, जिससे दर्शक सीधे तौर पर उन्हें पहचान सकते हैं।
चल रहे केस पर असर की आशंका
एक्टर का कहना है कि फिल्म की कहानी 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित दिखाई देती है। यह मामला अभी भी अदालतों में लंबित है। ऐसे में इस तरह की फिल्म से कानूनी प्रक्रिया और निष्पक्ष सुनवाई पर असर पड़ सकता है।
याचिका के अनुसार, सलमान खान ने अप्रैल 2026 में फिल्म से जुड़े लोगों को कानूनी नोटिस भेजकर प्रोजेक्ट रोकने की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद फिल्म का प्रमोशन जारी रहा। इसके बाद अभिनेता को अदालत का रुख करना पड़ा। उन्होंने अदालत से फिल्म के टीजर, ट्रेलर, पोस्टर और अन्य प्रमोशनल इवेंट पर रोक लगाने की मांग की है।
