BJP vs SP : 'रत्ती भर चेतना हो तो खुद से सवाल करें', डबल इंजन सरकार पर अखिलेश यादव का तीखा प्रहार
आंख बंद कर भाजपा को वोट देने वाले खुद से सवाल करें : अखिलेश यादव
BJP vs SP : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों और केंद्र की 'डबल इंजन' की सरकारों की जमकर आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि भाजपा को आंख बंद करके समर्थन व वोट देने वाले अगर रत्ती भर चेतना रखते हों तो खुद से सवाल करें।
सपा प्रमुख यादव ने 'एक्स' पर एक लंबे पोस्ट में नसीहत भरे अंदाज में लोगों से कहा कि भाजपा को आंख बंद करके समर्थन व वोट देने वाले अगर रत्ती भर भी देश प्रेम, संवेदना, शर्म, मानवता, विवेक, ज्ञान और चेतना रखते हों तो उनके पोस्ट को पढ़कर खुद से सवाल करें और अपनी बहन, बेटियों, परिवार की ओर देखने के बाद आइने में अपनी आंखों से आंखें मिलाएं!
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपाई 'डबल इंजन' के उत्तराखंड में लोग ‘उत्तराखंड की बेटी' के लिए सड़कों पर न्याय मांग रहे हैं। भाजपाई 'डबल इंजन' के उत्तर प्रदेश में जहरीले सिरप से लोगों की मौत हो रही है। भाजपाई डबल इंजन के उत्तर प्रदेश में जीएसटी अधिकारी के घर से करोड़ों रुपये नकद निकल रहे हैं और सरकार नोटबंदी से कालेधन के खात्मे और जीएसटी से ईमानदार टैक्स सिस्टम(कर प्रणाली) आने की दुहाई दे रही है।
यादव ने इसी तरह के अन्य मामलों का सिलसिलेवार उल्लेख करते हुए दावा किया कि भाजपाई डबल इंजन के मध्यप्रदेश में जहरीले पानी से लोग मारे जा रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन के मध्यप्रदेश में बाबासाहेब की तस्वीरें जलाई जा रही हैं, दलितों पर अत्याचार की हदें पार करी जा रही हैं। भाजपाई डबल इंजन की दिल्ली में लोग एक-एक सांस के लिए तरस रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन के राजस्थान में किसान घातक फैक्टरियों की बाउंड्रीवाल ट्रैक्टर से तोड़ रहे हैं।
सपा प्रमुख ने देश के अन्य राज्यों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपाई डबल इंजन के गुजरात-हरियाणा में आम जनता अरावली को बचाने के लिए अवैध खनन माफियाओं और जमीन पर गिद्ध निगाह लगाए भाजपाइयों के विरुद्ध केवल न्यायालय के सहारे हैं। भाजपाई डबल इंजन के त्रिपुरा के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान के बेटे की, भाजपाई डबल इंजन के उत्तराखंड में नफरती एजेंडा चलाने वालों द्वारा हत्या कर दी गई।
यादव ने आगे कहा कि भाजपाई डबल इंजन के असम में सांप्रदायिक भेदभाव की हर हद पार कर दी गई है। भाजपाई डबल इंजन के महाराष्ट्र में लोगों को न चुनाव लड़ने दिया जा रहा है, न वोट देने दिया जा रहा है। लोगों को धमकी देकर चुनाव से हटाया जा रहा है और सभी निर्विरोध चुने जानेवाले भाजपा से ही संबंधित हैं, ये कैसा इत्तफाक है।

