BJP vs Congress : सात जन्म तक नहीं आएगी कांग्रेस की बारी... गुजरात राजनीति में गरजे अमित शाह, राहुल गांधी को दिया करारा जवाब
भाजपा की “विकास की अजेय यात्रा” पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई थी : अमित शाह
BJP vs Congress : गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल चुनावों में भाजपा की हालिया जीत को पार्टी की विकास राजनीति की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि भाजपा और उसके एनडीए सहयोगी अब देश के 80 प्रतिशत भूभाग पर शासन कर रहे हैं। गांधीनगर में 620 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शाह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला।
उन्होंने दावा किया कि गुजरात के हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया, जबकि आम आदमी पार्टी अपना खाता तक नहीं खोल पाई। शाह ने कहा कि भाजपा की “विकास की अजेय यात्रा” पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई थी, जिसे बाद में पूर्व मुख्यमंत्रियों आनंदीबेन पटेल, विजय रूपाणी और वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने आगे बढ़ाया।
शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना की और कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा की, जिससे लोगों का भरोसा भाजपा पर और मजबूत हुआ। उन्होंने चुनावी आंकड़े गिनाते हुए कहा कि भाजपा ने 84 में से 77 नगरपालिकाओं, 34 में से 33 जिला पंचायतों और 260 में से 253 तालुका पंचायतों में जीत दर्ज की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस “अगली बारी” का सपना देख रही है, लेकिन गुजरात में आने वाले कई वर्षों तक उसकी वापसी की कोई संभावना नहीं है। उन्हें समझ लेना चाहिए कि अगले सात जन्मों तक भी कोई मौका नहीं है।'

