Epstein फाइल्स विवाद के बीच बिल गेट्स ने ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ में मुख्य भाषण रद्द किया
Epstein Files Controversy: गेट्स फाउंडेशन की ओर से अफ्रीका एवं भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा करेंगे प्रतिनिधित्व
Epstein Files Controversy: माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ में अपना निर्धारित मुख्य भाषण (कीनोट एड्रेस) नहीं देंगे। एपस्टीन फाइल्स विवाद के बीच गेट्स फाउंडेशन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बृहस्पतिवार को जानकारी दी, '' गेट्स फाउंडेशन की ओर से अफ्रीका एवं भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा प्रतिनिधित्व करेंगे, जो आज बाद में शिखर सम्मेलन में भाषण देंगे।''
समिट का आयोजन नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में हो रहा है, जहां वैश्विक स्तर पर AI नीति और तकनीकी सहयोग पर चर्चा की जा रही है। फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि उसकी ओर से अफ्रीका एवं भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा समिट में प्रतिनिधित्व करेंगे और बाद में संबोधन देंगे। साथ ही, फाउंडेशन ने कहा कि वह भारत में साझा स्वास्थ्य और विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के अपने कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गेट्स का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में दिवंगत वित्तीय कारोबारी और दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन (Jeffrey Epstein) और फाउंडेशन के स्टाफ के बीच ईमेल संवाद सामने आए हैं।
दस्तावेजों के अनुसार, एपस्टीन और गेट्स की मुलाकातें एपस्टीन की सजा पूरी होने के बाद भी हुई थीं, जिनमें परोपकारी परियोजनाओं पर चर्चा बताई गई। गेट्स पहले भी कह चुके हैं कि एपस्टीन से मिलना उनकी “गलती” थी और उनका संबंध केवल परोपकारी विषयों तक सीमित था।

