Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

बिहार का स्वास्थ्य विभाग खुद ICU में है... जहानाबाद अस्पताल में गत्ते से बांधा टूटा पैर, तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना

बिहार का स्वास्थ्य विभाग आईसीयू में है : तेजस्वी यादव

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Tejashwi Yadav : बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने जहानाबाद सदर अस्पताल में एक व्यक्ति के पैर के फ्रैक्चर को स्थिर रखने के लिए प्लास्टर की जगह गत्ते का इस्तेमाल किए जाने की घटना को लेकर शुक्रवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार का ''स्वास्थ्य विभाग खुद आईसीयू में है।'' यह घटना वीरवार को जहानाबाद सदर अस्पताल में हुई, जहां हुलासगंज में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में घायल होकर पैर में फ्रैक्चर झेलने वाले दो युवकों को चिकित्सकों ने निचले हिस्से में गत्ता बांधकर सहारे के साथ पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''क्या बिहार की आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि जिला अस्पताल में टूटे पैर पर प्लास्टर चढ़ाने तक के लिए सरकार के पास पैसे नहीं हैं। हमारे 17 महीने के कार्यकाल में हमने दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में गुणात्मक बदलाव किए थे, लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग उन सुधारवादी नीतियों और निर्णयों को लागू करने में भी असमर्थ है। वह खुद आईसीयू में है।'' राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता ने कहा कि यह शर्मनाक है कि राज्य की राजधानी से महज 45 किलोमीटर दूर स्थित जिला अस्पताल में मरीज को प्लास्टर जैसी बुनियादी प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी नहीं मिल सकी।

Advertisement

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं को ''स्वार्थी'' बताते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में ''कठपुतलियां'' बैठाई गई हैं, जिन्हें जनकल्याण से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा, ''बिहार में राजग 21 वर्षों से सत्ता में है। प्रधानमंत्री चुनाव के समय यहां आकर जंगलराज की बात करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद इन स्वार्थी लोगों को बिहार की कोई चिंता नहीं रहती। यहां ऐसी कठपुतलियां बैठा दी गई हैं, जिनका जनता के हित से कोई लेना-देना नहीं है।''

Advertisement

तेजस्वी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार का स्वास्थ्य विभाग नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव की राजनीति आईसीयू में वेंटिलेटर पर चल रही है। उन्होंने कहा, ''तेजस्वी यादव अपनी राजनीति बचाने के लिए सोशल मीडिया पर हर मुद्दे को लेकर असफल विरोध करने की कोशिश कर रहे हैं।''

तिवारी ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार की राजग सरकार का हर विभाग संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ''सम्राट चौधरी स्वयं स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में सुधार सुनिश्चित करने के लिए सभी मामलों की व्यक्तिगत निगरानी कर रहे हैं। विकास कार्य सभी को दिखाई दे रहा है, सिवाय तेजस्वी यादव के, क्योंकि उनकी राजनीति वेंटिलेटर पर चल रही है।''

Advertisement
×