Bihar Stampede : नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से 8 महिलाओं की मौत, कई घायल
घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल
Bihar Stampede : बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से कम से कम 8 महिलाओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित इस प्राचीन मंदिर में हुई घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने कहा कि मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम 8 महिलाओं की मौत हो गई। पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। भगदड़ के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह सब कुप्रबंधन की वजह से हुआ
ममता देवी नाम की एक श्रद्धालु ने बताया कि मंगलवार यहां हमेशा भीड़ रहती है। लोग शीतला माता के दर्शन के लिए आते हैं। हम लोग भी पटना से दर्शन के लिए आए हैं। अचानक भगदड़ मच गई और लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि यह सब कुप्रबंधन की वजह से हुआ... यहां बहुत अधिक भीड़ है। प्रशासन का कोई भी व्यक्ति यहां मौजूद नहीं है।
वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा कि मंदिर में हुई भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जिन श्रद्धालुओं की जान चली गई और जो घायल हुए, उन सभी के परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान कर रही है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में संबल दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

