Bihar News : मोतिहारी में पानी से भरे गड्ढे में नहाने गए 6 बच्चों की डूबने से मौत, इनमें पांच लड़कियां
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां केसरिया थाना क्षेत्र के लोहड़गवा गांव में पानी से भरे एक बड़े गड्ढे में डूबने से 6 बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम उस...
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां केसरिया थाना क्षेत्र के लोहड़गवा गांव में पानी से भरे एक बड़े गड्ढे में डूबने से 6 बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम उस समय हुआ जब बच्चे गड्ढे में नहाने गए थे। पुलिस ने बुधवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में पांच लड़कियां और एक लड़का शामिल है।
एक को बचाने में डूबे सभी बच्चे
केसरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नहाने के दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख साथ मौजूद अन्य बच्चे उसे बचाने के लिए एक-एक कर पानी में कूद पड़े, लेकिन गड्ढा गहरा होने के कारण कोई भी बाहर नहीं निकल सका और सभी की डूबने से मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान दीक्षा कुमारी (12), सोनाक्षी कुमारी (9), प्रिया कुमारी (7), आराध्या कुमारी (11), छोटी कुमारी (8) और प्रिंस कुमार (11) के रूप में हुई है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला प्रशासन की ओर से नियमानुसार सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

