Bengal Violence : हत्या से पहले की गई थी रथ की रेकी, शुभेंदु अधिकारी ने घटना को बताया सुनियोजित साजिश
Bengal Violence : मध्यमग्राम में बाइक सवार हमलावरों ने की चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या
Bengal Violence : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को ''सुनियोजित साजिश'' करार देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हमलावरों ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में इस हमले को अंजाम देने से पहले रेकी की थी।
विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई इस चौंकाने वाली घटना में अधिकारी के निजी सहायक रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास रथ के वाहन को रोका, उसे रुकने के लिए मजबूर किया और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: Bengal Violence : सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या, टीएमसी पर लगा आरोप
रथ को हमले के बाद जिस अस्पताल में ले जाया गया, अधिकारी ने उसके बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह घटना ''हृदय विदारक'' है। भाजपा नेता ने कहा, ''यह घटना हृदय विदारक है। हम इसकी निंदा करते हैं।''
अधिकारी ने इसे ''सुनियोजित साजिश'' करार देते हुए कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धनाथ गुप्ता ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने गोलीबारी से पहले रेकी की थी। उन्होंने कहा, ''जिस तरह से हमले को अंजाम दिया गया, उससे साफ संकेत मिलता है कि हमलावरों ने पहले रेकी की थी।''
अधिकारी ने हालांकि, हमले के पीछे किसी संगठन का सीधे तौर पर नाम लेने से परहेज किया और भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, ''हम अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहते, क्योंकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।''
उन्होंने कहा, ''हम सभी से अपील करेंगे कि कानून अपने हाथ में न लें।'' भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं जारी हैं।
उन्होंने कहा, ''जब हम यहां थे, तब बसीरहाट में हमारे एक कार्यकर्ता को गोली मारी गई और बारानगर इलाके में एक अन्य कार्यकर्ता को चाकू मारा गया।'' अधिकारी ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से बात की है।
हमलावरों की तलाश के लिए कई टीम गठित
रथ हत्या मामले की जांच के तहत पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों का पता लगाने के लिए कई टीम गठित की गई हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''जांचकर्ता घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस के कई दल गठित किए गए हैं।''
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रथ की कार को रात करीब साढ़े 10 बजे डोलतला और मध्यमग्राम चौमाथा के बीच दोहरिया के पास रोका और वे गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धनाथ गुप्ता और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने रात में घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा, ''विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। हम कई सुरागों पर काम कर रहे हैं।''

