Bengal SIR Dispute : वोटर लिस्ट संशोधन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 47 लाख मामलों का किया गया समाधान
पश्चिम बंगाल में एसआईआर से जुड़ी 47 लाख आपत्तियों का मंगलवार तक निपटारा किया गया: न्यायाधीश
Bengal SIR Dispute : कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने सुप्रीम कोर्ट को बुधवार को सूचित किया कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान 31 मार्च यानी मंगलवार तक 60 लाख आपत्तियों में से करीब 47 लाख का निपटारा किया जा चुका है।
भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची एवं न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा कि उसे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का मंगलवार को एक पत्र मिला। प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ''हम तथ्यों और आंकड़ों से काफी खुश हैं और बहुत आशावादी हैं।''
उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने सूचित किया कि रोजाना करीब 1.75 लाख से दो लाख आपत्तियों का निपटारा किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने अवगत कराया है कि सात अप्रैल तक सभी आपत्तियों पर फैसला कर दिया जाएगा। मामले में सुनवाई जारी है। सुप्रीम कोर्ट पश्चिम बंगाल में जारी एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित याचिकाओं के एक समूह पर सुनवाई कर रहा है।

