Bengal Polls : चुनावी गड़बड़ी पर आयोग सख्त, 15 बूथों पर री-पोल का आदेश
पुनर्मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे के बीच होगा
Bengal Polls : निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदेय स्थलों (बूथ) पर चुनावी अनियमितताओं की शिकायत के बाद दो मई को पुनर्मतदान कराने का शुक्रवार को आदेश दिया। निर्वाचन आयोग के आदेश के मुताबिक, मगराहाट पश्चिम के 11 मतदेय स्थलों और डायमंड हार्बर के चार मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान के आदेश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार, पुनर्मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे के बीच होगा। मगराहाट पश्चिम और डारमंड हार्बर में 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत वोट डाले गए थे। आदेश के मुताबिक, पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से मिली रिपोर्ट के आधार पर तथा "भौतिक परिस्थितियों" को ध्यान में रखते हुए दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के प्रतिनिधित्व वाले डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी कदाचार का आरोप लगाया था। निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था।

