Bahadurgarh News: छारा में टोल सिक्योरिटी ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, बीच-बचाव में भतीजा भी घायल
Bahadurgarh News: आरोपियों ने पार्टी करने और कुछ जरूरी बात करने के बहाने नीरज को बुलाया
Bahadurgarh News: बहादुरगढ़ के नजदीकी गांव छारा में शनिवार देर रात आपसी कहासुनी के बाद गोलीबारी की घटना में छारा निवासी नीरज की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा मनजीत घायल हो गया। नीरज छारा टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी का ठेकेदार था। सूचना मिलते ही थाना आसौदा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
शनिवार रात करीब 11:40 बजे गांव छारा निवासी नीरज को गांव के ही दो युवकों ने फोन कर बहराना रोड पर बुलाया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी करने और कुछ जरूरी बात करने के बहाने नीरज को बुलाया। नीरज अपने भतीजे मनजीत के साथ मौके पर पहुंचा।
आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। इसी दौरान आरोपितों में से एक ने दूसरे से पिस्तौल लेकर नीरज पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। नीरज को चार से पांच गोलियां लगी। बीच-बचाव करने पहुंचे मनजीत के पैर में भी गोली लग गई।
दोनों घायलों को रोहतक के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। मनजीत का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

