Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Grand Independence Day Sale
search-icon-img
Advertisement

Badrinath Donation Scam : दान के हिसाब में गड़बड़ी का शक... बदरीनाथ मंदिर समिति ने लिया बड़ा एक्शन, कोषाध्यक्ष का तबादला

बदरीनाथ में चढ़ावे, दान में कथित अनियमितता की जांच के बीच मंदिर के कोषाध्यक्ष को हटाया गया

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Badrinath Donation Scam : उत्तराखंड के विख्यात बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितता की जांच के बीच श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने चढ़ावे के रखरखाव से जुड़े रजिस्टर में 'ओवरराईटिंग' पाए जाने पर कोषाध्यक्ष को पद से हटा दिया।

बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मंदिर के लॉकर में रखी हुई चांदी की मात्रा रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टि की तुलना में थोड़ाी अधिक होने और रजिस्टर में 'ओवरराइटिंग' पाए जाने के बाद कोषाध्यक्ष संदेश मेहता को वहां से हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कोषाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी मंदिर में पूजा काउंटर पर तैनात कर्मचारी केदार सिंह को सौंप दी गई है जबकि उनकी जगह मेहता को तैनात किया गया है।

Advertisement

इस बीच, कथित अनियमितता की जांच कर रही उच्चस्तरीय समिति ने बुधवार को दूसरे दिन चढ़ावे के रख-रखाव की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली तथा बीकेटीसी के कर्मचारियों से बातचीत की। मंदिर समिति के सूत्रों ने बताया कि गढ़वाल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली जांच समिति मंदिर की व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों से भी बातचीत करेगी। समिति ने मंगलवार को बदरीनाथ मंदिर पहुंचकर जांच शुरू की थी। स्वरूप के अलावा, समिति में बर्तौर सदस्य गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान भी शामिल हैं।

Advertisement

समिति ने बदरीनाथ पहुंचने के बाद मंदिर परिसर में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया और नकद गणना कक्ष का जायजा लिया, जहां उन्होंने लगभग एक घंटे तक सीसीटीवी फुटेज देखे और काउंटिंग रजिस्टर व अन्य संबंधित दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया। बाद में, तिवारी ने बताया कि समिति ने दान की गणना प्रक्रिया, हुंडी से काउंटिंग रूम तक दान पहुंचने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समिति ने उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और बीकेटीसी के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किए जाने का भी संज्ञान लिया है।

तिवारी ने कहा कि विस्तृत जांच के दौरान आम लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे तथा समिति से सभी सीसीटीवी रिकॉर्ड लेकर फॉरेंसिक, साइबर जैसे तकनीकी विशेषज्ञों की राय ली जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गठित समिति को मंदिर में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच के अलावा मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सिफारिशें भी देने को कहा गया है।

गौरतलब है कि दो जुलाई को सोशल मीडिया पर मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद बीकेटीसी ने चार सदस्यीय आंतरिक जांच समिति गठित की थी जिसकी प्रारंभिक रिपोर्ट में प्रथमद्रष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद नौटियाल को सात जुलाई को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद बीकेटीसी ने बदरीनाथ थाने में नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जिसकी जांच के लिए विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया गया। बाद में एसआईटी को मिले सबूतों के आधार पर 12 जुलाई की रात को नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

Advertisement
×