B787 Fuel 'Switch' Problem : डीजीसीए ने कहा- जांच में कुछ असामान्य न दिखने पर भरी थी विमान ने उड़ान
लंदन से बेंगलुरु आने वाली उड़ान एआई132 में 200 से अधिक लोग सवार थे
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मंगलवार को कहा कि एक फरवरी को लंदन से उड़ान भरने वाला एवं ईंधन नियंत्रण स्विच संबंधी समस्या का सामना करने वाला एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान चालक दल द्वारा 'स्विच' की भौतिक जांच किए जाने के बाद रवाना हुआ था। उस समय इंजन के स्टार्ट होने के दौरान या उसके बाद कोई असामान्य चीज नहीं दिखी थी।
लंदन से बेंगलुरु आने वाली उड़ान एआई132 में 200 से अधिक लोग सवार थे। लंदन में हीथ्रो हवाई अड्डे पर विमान के बाएं इंजन का ईंधन नियंत्रण स्विच, इंजन को स्टार्ट करते समय दो बार 'रन' पोजीशन पर 'लॉक' नहीं हुआ, और तीसरी कोशिश में स्विच ठीक से 'रन' पोजीशन पर लॉक हुआ था। ड्रीमलाइनर से जुड़ी घटनाओं के बारे में डीजीसीए का विस्तृत बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ हलकों में ईंधन नियंत्रण स्विच की समस्या के बावजूद विमान के उड़ान भरने को लेकर चिंता जताई जा रही थी। लंदन में एक फरवरी को एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर वीटी-एएनएक्स में इंजन स्टार्ट करते समय ईंधन नियंत्रण स्विच संबंधी समस्या आ गई थी।
डीजीसीए ने बयान में कहा कि लंदन में इंजन स्टार्ट करते समय, दो मौकों पर चालक दल के सदस्यों ने देखा कि जब हल्का 'वर्टिकल प्रेशर' लगाया गया, तो ईंधन नियंत्रण स्विच 'रन' पोजीशन में ठीक से 'लॉक' नहीं हुआ। तीसरी कोशिश में, स्विच 'रन' पोजीशन में सही ढंग से 'लॉक' हो गया और उसके बाद स्थिर रहा। बाकी प्रक्रिया जारी रखने से पहले, चालक दल ने यह सुनिश्चित करने के लिए भौतिक जांच की कि स्विच 'रन' पोजीशन में पूरी तरह और ठीक से 'लॉक' हो गया है।
विमानन नियामक ने यह भी कहा कि इंजन स्टार्ट होने के दौरान या उसके बाद किसी भी समय कोई असामान्य इंजन मानक, सावधानियां, चेतावनियां, या संबंधित प्रणाली संदेश नहीं देखे गए। घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद, एअर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम ने ईंधन नियंत्रण स्विच संबंधी चीजों का पता लगाने के लिए बोइंग द्वारा सुझाया गया निरीक्षण किया। टीम के निरीक्षण का हवाला देते हुए, डीजीसीए ने कहा कि बाएं और दाएं दोनों स्विच की जांच की गई और ये संतोषजनक पाए गए।
सोमवार को, बेंगलुरु में उतरने के बाद एअर इंडिया के एक पायलट ने ईंधन नियंत्रण स्विच में खराबी की सूचना दी थी। एअरलाइन ने जांच के क्रम में विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है। पिछले साल जून में एअर इंडिया के बोइंग 787-8 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद ईंधन नियंत्रण स्विच पर ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि शुरुआती जांच रिपोर्ट में बताया गया था कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान की ईंधन आपूर्ति बंद हो गई थी। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी।

