Attack on BJP MLA : वायरल वीडियो को लेकर तेजस्वी का BJP पर हमला, बोले- घर में घुसकर मारपीट की लेकिन सरकार ने नहीं की कोई कार्रवाई
तेजस्वी ने विधायक के हमले के वीडियो, कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बिहार सरकार की आलोचना की
Attack on BJP MLA : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को बिहार में राजग सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उस विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जिसने कथित तौर पर एक व्यक्ति के घर में घुसकर उस पर हमला किया था। वायरल वीडियो का हवाला देते हुए यादव ने कहा कि मुजफ्फरपुर के विधायक ने कथित तौर पर एक व्यक्ति के घर में जबरन घुसकर उस पर हमला किया। यादव ने कहा, ''वीडियो में विधायक अपने समर्थकों के साथ एक व्यक्ति से हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।''
हालांकि, 'पीटीआई-भाषा' इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी। उन्होंने पटना में प्रदर्शन कर रहे शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, ''विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है लेकिन शुक्रवार को राज्य की राजधानी में पुलिस ने शिक्षक भर्ती के इच्छुक उम्मीदवारों पर लाठीचार्ज किया, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। इसके अलावा, 5,000 से अधिक टीआरई-4 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और कई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।''
आरोप है कि पुलिस ने शुक्रवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई) 4.0 परीक्षा की तिथि घोषित होने में देरी के विरोध में बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिसकर्मियों को घायल करने और यातायात बाधित करने के आरोप में शनिवार को 5,000 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
यादव ने आरोप लगाया कि जहां छात्र कड़ी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं वहीं बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के शासन में गुंडे और अपराधी बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं। राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा जाने का दावा करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा से जुड़ना गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का जरिया बन गया है। बार-बार कोशिश करने के बावजूद यादव के आरोपों पर टिप्पणी के लिए विधायक से संपर्क नहीं हो सका।

