Ankita Bhandari Murder Case: मामले में नाम घसीटे जाने पर BJP नेता दुष्यंत गौतम की चेतावनी, मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा
Ankita Bhandari Murder Case: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड में पार्टी मामलों के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अपना नाम घसीटे जाने से आहत होकर शुक्रवार को चेतावनी दी कि वह...
Ankita Bhandari Murder Case: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड में पार्टी मामलों के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अपना नाम घसीटे जाने से आहत होकर शुक्रवार को चेतावनी दी कि वह उनका चरित्र हनन करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के अलावा मानहानि का मुकदमा भी दायर करेंगे।
इस बीच, भाजपा से निष्कासित हरिद्वार जिले के ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने दावा किया कि खुद को उनकी पत्नी बताने वाली महिला उर्मिला सनावर को उन्होंने कथित तौर पर 50 लाख रुपये दिए क्योंकि वह उन्हें 'ब्लैकमेल' कर रही थी।
गौरतलब है कि यह विवाद सनावर के हाल में वायरल वीडियो और राठौर से उनकी कथित बातचीत के आडियो से पैदा हुआ है जिसमें सनावर ने आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड में 'गट्टू' नाम का कथित 'वीआईपी' शामिल है।
एक अन्य वीडियो में सनावर ने 'गट्टू' की पहचान भी जाहिर कर दी, जिससे गौतम आहत हैं। यहां प्रदेश भाजपा की ओर से जारी अपने एक वीडियो संदेश में गौतम ने कहा कि वह पिछले 47 साल से लगातार राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में काम कर रहे हैं और कभी उनके चरित्र को लेकर ऐसी कोई बात नहीं उछाली गयी।
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के साथ जो हुआ, उसके पीछे के सफेदपोश चेहरे अब बेनकाब हो रहे हैं। पूर्व भाजपा विधायक का यह बयान रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
अंकिता को न्याय कब मिलेगा?
क्या सत्ता की हनक के आगे एक बेटी की चीखें दब जाएंगी?
देश जवाब मांग रहा है!
#JusticeForAnkita pic.twitter.com/tl8aIORc7N
— Mahinder Yadav Ex MLA Vikaspuri (@MahinderMla) December 26, 2025
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक लोग उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा महासचिव ने कहा, “मीडिया और सोशल मीडिया में लगातार ये वीडियो दिखाए जा रहे हैं, ये कहां से शुरू हुए हैं, उसकी जांच होनी चाहिए, उस व्यक्ति से तथ्य लेने चाहिए। उस तथ्य की प्रमाणिकता देखनी चाहिए।”
गौतम ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में प्रदेश के गृह सचिव को भी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा, “जो भी लोग भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्हें आगाह करना चाहता हूं कि इस सबकी जांच की जाएगी। मूल रूप से जिस भी व्यक्ति ने यह षडयंत्र रचा है, उसके खिलाफ मैं कानूनी कार्रवाई करूंगा और मानहानि का मुकदमा भी करूंगा।”
अंकिता भंडारी पर BJP के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा था.
अंकिता ने ऐसा करने से मना किया तो उसकी हत्या कर दी गई. दुष्यंत गौतम को खुद BJP बचा रही है.
- ये बात BJP के पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कही है… pic.twitter.com/DNFD1Y45QX
— Congress (@INCIndia) December 26, 2025
गौतम ने लोगों से यह भी कहा कि अगर उन्हें उनके विरूद्ध ऐसा एक भी गलत कार्य दिखता हो और वे उसे सबूत के साथ पेश करें तो वह अपने राजनीतिक, सामाजिक जीवन से संन्यास ले लेंगे। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा नेतृत्व पर मामले में दुष्यंत गौतम को बचाने का आरोप लगाया है।
भाजपा महासचिव ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के गृह सचिव शैलेश बगौली को पत्र लिखकर मीडिया और सोशल मीडिया को अंकिता भंडारी हत्याकांड में उनके खिलाफ कथित सामग्री हटाए जाने तथा इस तरह की सामग्री को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से प्रसारित करने से रोकने के निर्देश देने का आग्रह किया था। उन्होंने अपने पत्र के साथ सोशल मीडिया और समाचार चैनलों की एक सूची भी प्रस्तुत की है जिन्होंने “उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने और नुकसान पहुंचाने” के उद्देश्य से “झूठे व दुर्भावनापूर्ण” आरोप लगाए हैं।
उधर, हरिद्वार में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए राठौर ने कहा कि सनावर उन्हें काफी समय से ब्लैकमेल कर रही है और उन्हें अपनी फैक्ट्री बेचकर उसे 50 लाख रुपये भी देने पड़े। राठौर ने कहा कि उन्होंने पुलिस में उर्मिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई है लेकिन बार-बार अनुरोध करने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है । उन्होंने कहा कि सनावर को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि सनावर को ढाल बनाकर कांग्रेस इस मामले में उनकी और उनकी पूर्व पार्टी भाजपा के खिलाफ साजिश कर रही है।

