Amritsar Airport Drone Sighting : ड्रोन दिखने के बाद अमृतसर एयरपोर्ट पर करीब डेढ़ घंटे उड़ान संचालन बंद, 7 फ्लाइट डायवर्ट
भारतीय वायुसेना से सूचना मिलने के बाद एयरफील्ड बंद किया गया; दो उड़ानें चंडीगढ़ और पांच दिल्ली भेजी गईं
Amritsar Airport Drone Sighting : अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार रात एयरफील्ड में ड्रोन दिखाई देने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक उड़ान संचालन निलंबित रहा। इस दौरान सात उड़ानों को डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट निदेशक अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद रात 11:15 बजे संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, रात करीब 9:45 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को भारतीय वायुसेना से एयरफील्ड में ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली। उस समय अमृतसर में उतरने वाली कई उड़ानें हवाई क्षेत्र में चक्कर लगा रही थीं। एयरपोर्ट की ड्रोन संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) को सक्रिय कर कंट्रोल टावर में बैठक की गई।
लैंडिंग में बाधा की आशंका पर एयरफील्ड किया बंद
समिति ने ड्रोन की मौजूदगी से निर्धारित उड़ानों की लैंडिंग प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए रात करीब 9:50 बजे एयरफील्ड बंद करने का फैसला किया। हवाई क्षेत्र में चक्कर लगा रहे करीब सात विमानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें दो उड़ानों को चंडीगढ़ और पांच को दिल्ली भेजा गया।
शर्मा ने बताया कि रात करीब 11 बजे जेएसी ने स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान ड्रोन की कोई नई गतिविधि सामने नहीं आने पर संचालन बहाल करने का निर्णय लिया गया और रात 11:15 बजे एयरपोर्ट को उड़ानों के लिए खोल दिया गया।
इसके बाद डायवर्ट की गई सात उड़ानों में से पांच अमृतसर लौट आईं। दिल्ली भेजी गई एक एयर इंडिया की उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि मलेशिया की उड़ान के सोमवार को अमृतसर पहुंचने की उम्मीद है। घटना की जांच पुलिस कर रही है।

