अमृतपाल सिंह को NSA खत्म होने के बाद भी असम जेल में रखने की तैयारी, हाईकोर्ट में पंजाब सरकार की याचिका
Amritpal Singh: 23 अप्रैल को खत्म हो रही हिरासत, पंजाब सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर असम में ही दोबारा गिरफ्तारी की मांगी अनुमति
Amritpal Singh: पंजाब सरकार ने अमृतपाल सिंह को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत खत्म होने के बाद भी असम में ही रखने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का रुख किया है।
गुरुवार को हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की इस नई याचिका पर सुनवाई करने के लिए सहमति जताई। दरअसल, अमृतपाल सिंह की NSA के तहत हिरासत 23 अप्रैल को समाप्त होने वाली है।
राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि सुरक्षा और खुफिया इनपुट्स के मद्देनजर उसे पंजाब लाना उचित नहीं है। इसलिए सरकार चाहती है कि उनकी गिरफ्तारी असम में ही की जाए और उन्हें डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में ही रखा जाए।
मुख्य न्यायाधीश शील नागू की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष राज्य के वकील ने कहा कि यह कदम राज्य के हित में उठाया जा रहा है और इसके लिए असम सरकार से भी अनुमति मिल चुकी है।
सरकार ने यह भी बताया कि यदि दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलती है, तो ट्रायल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चलाया जाएगा।
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। उनकी हिरासत खत्म होने से पहले ही पंजाब सरकार उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर वहीं रखने की योजना बना रही है। अब इस मामले पर हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद आगे की स्थिति साफ होगी।

