Sukhbir Badal Health: सुखबीर सिंह बादल पर हमले के बाद अमित शाह ने हरसिमरत को किया फोन, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
हरसिमरत कौर बादल ने गृह मंत्री का जताया आभार; सितंबर 2020 में अकाली दल के एनडीए से अलग होने के बाद दोनों के बीच पहली बातचीत
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल ने महाराष्ट्र के एक गुरुद्वारे में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद उनकी सेहत के बारे में जानकारी लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निजी तौर पर फोन करने पर उनका आभार जताया है। हरसिमरत ने कहा कि गृह मंत्री ने इस मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है।
हरसिमरत कौर बादल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘महाराष्ट्र में एक गुरु घर के अंदर सुखबीर सिंह बादल जी पर हुए हमले के बाद उनकी सेहत के बारे में पूछताछ करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी का तहेदिल से धन्यवाद करती हूं। इस मुश्किल समय में आपकी व्यक्तिगत चिंता और सहयोग के लिए मैं आभारी हूं।’’
उन्होंने इस दर्दनाक घटना की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के लिए भी गृह मंत्री का धन्यवाद किया।
I sincerely thank Hon’ble Union Home Minister Shri @AmitShah ji for reaching out to me to inquire about Sukhbir Singh Badal ji’s health following the attack on him inside a Guru Ghar in Maharashtra.
I am grateful for your personal concern and for your words of reassurance…
— Harsimrat Kaur Badal (@HarsimratBadal_) August 14, 2026
2020 के बाद पहली बार शाह और हरसिमरत के बीच संपर्क
अमित शाह का हरसिमरत कौर बादल को फोन करना राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। सितंबर 2020 में केंद्र के कृषि कानूनों को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद से शाह और हरसिमरत के बीच लंबे समय तक कोई बातचीत नहीं हुई थी। ऐसे में सुखबीर बादल पर हमले के बाद शाह का फोन दोनों नेताओं के बीच वर्षों बाद पहला संपर्क है।
Truly grateful, Hon’ble Prime Minister Shri @narendramodi ji for your personal call to inquire about Sardar Sukhbir Singh Badal ji’s health and for your good wishes for his speedy recovery following the dastardly attack on him inside a Gurudwara Sahib in Nanded, Maharashtra.…
— Harsimrat Kaur Badal (@HarsimratBadal_) August 14, 2026
प्रधानमंत्री मोदी ने भी हरसिमरत को किया था फोन
इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर सुखबीर सिंह बादल की सेहत के बारे में जानकारी ली थी। प्रधानमंत्री ने हमले की घटना के बाद सुखबीर के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी।
सुखबीर बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक गुरुद्वारे के भीतर हुए हमले के बाद पंजाब की राजनीति में भी इस घटना को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। शिअद ने मामले की निष्पक्ष जांच और हमले के पीछे की परिस्थितियों की गहराई से जांच की मांग की है।

