Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

निज्जर हत्याकांड में अमेरिका का बड़ा एक्शन, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर हत्या के आरोप, FBI ने रखा 50 हजार डॉलर का इनाम

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का भी मुख्य आरोपी गोल्डी बराड़ FBI की 'मोस्ट वांटेड' सूची में शामिल; अमेरिका में कई गंभीर आरोपों में जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
गोल्डी बराड़ व लॉरेंस बिश्नोई की फाइल फोटो।
Advertisement

अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 50,000 डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब गोल्डी बराड़ और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर वर्ष 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप तय किया गया है।

गोल्डी बराड़ पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी प्रमुख आरोपी है। भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और पंजाब पुलिस भी उसे भारत के सबसे वांछित अपराधियों में शामिल कर चुकी हैं और पहले से ही उसके खिलाफ नकद इनाम घोषित कर चुकी हैं।

Advertisement

FBI ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर 50,000 डॉलर का इनाम दिया जाएगा। एजेंसी के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप का सक्रिय सदस्य है, जो अमेरिका और कनाडा में हत्या, रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अन्य हिंसक अपराधों में संलिप्त रहा है। FBI ने उसे अपनी 'मोस्ट वांटेड' भगोड़ा सूची में भी शामिल कर लिया है।

Advertisement

FBI के मुताबिक, 1 जुलाई को कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस स्थित अमेरिकी जिला अदालत ने गोल्डी बराड़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उस पर रैकेटियरिंग (RICO) साजिश, रंगदारी के जरिए व्यापार में बाधा पहुंचाने की साजिश और नियंत्रित मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

जांच एजेंसी का कहना है कि गोल्डी बराड़ के अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो शहरों के अलावा कनाडा, भारत और मेक्सिको से भी संबंध रहे हैं।

ऑपरेशन हार्ड बॉल के बाद कार्रवाई तेज

FBI की यह कार्रवाई हाल ही में चलाए गए 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के बाद सामने आई है। अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा चलाए गए इस संयुक्त अभियान में भारत से संचालित तीन संगठित अपराध सिंडिकेट से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए और 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने 18 जून 2023 को कनाडा के सरे स्थित एक सिख गुरुद्वारे के बाहर हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रची थी। इस घटना के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। कनाडा ने भारतीय एजेंसियों पर आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत ने लगातार खारिज किया है।

FBI के आरोपपत्र के अनुसार, गोल्डी बराड़ को बिश्नोई गिरोह के उत्तर अमेरिकी नेटवर्क का प्रमुख बताया गया है। उस पर लॉस एंजिलिस और थाउजेंड ओक्स में रंगदारी के मामलों तथा वर्ष 2023 में वैंकूवर में एक भारतीय अभिनेता-गायक के घर पर हुई गोलीबारी से जुड़े आरोप भी हैं।

फिलहाल गोल्डी बराड़ फरार है और इस मामले में जिन 10 आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनमें उसका नाम भी शामिल है। इनमें से सात आरोपी अमेरिका में वांछित बताए गए हैं।

Advertisement
×