Naraingarh Triple Murder: नारायणगढ़ के पहाड़ी पुर के पास हुई मुठभेड़ में दोनों तरफ से चले 8 राउंड फायर, ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी सीआईए से मुठभेड़ में गिरफ्तार
आरोपी के दोनों पैर पर गोली लगी, सिविल अस्पताल अंबाला शहर रेफर किया
Naraingarh Triple Murder: अंबाला पुलिस की सीआईए-1 टीम को नारायणगढ़ क्षेत्र में गश्त के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने थाना शहजादपुर के गांव बिचपड़ी में अपने ही परिजनों की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, सीआईए-1 अंबाला की टीम नारायणगढ़ इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी पुलिस से बचने के लिए पहाड़ी पुर गांव से ठीक पहले अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों की तरफ पैदल ही भागने लगा।
खेतों में पीछा कर दबोचा, अवैध हथियार बरामद
खेतों में पीछा कर रही पुलिस टीम पर आरोपी ने लगातार फायरिंग की। आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब 8 राउंड गोलियां चली। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक हरजिंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने ही बीते दिनों गांव बिचपड़ी में अपने परिवार के सदस्यों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस काफी समय से उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
अंबाला शहर सिविल अस्पताल किया रेफर
मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल अंबाला शहर रेफर कर दिया है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपी की हालत में सुधार होने और अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी और मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

