Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर में बारिश के खतरे के चलते अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित, प्रशासन सतर्क
Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर प्रशासन ने रविवार को अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि...
Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर प्रशासन ने रविवार को अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी आधार शिविरों के साथ-साथ जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से श्रद्धालुओं को आगे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एक अधिकारी ने कहा, ''भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से खराब मौसम का पूर्वानुमान जताए जाने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए एहतियातन 19 जुलाई 2026 से पहलगाम और बालटाल मार्ग सहित सभी आधार शिविरों से श्री अमरनाथजी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया जाता है।''
उन्होंने कहा कि यात्रा दोबारा कब शुरू होगी, इसकी जानकारी मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम की स्थिति का व्यापक आकलन करने के बाद उचित समय पर जारी की जाएगी। रविवार तड़के से जम्मू-कश्मीर में बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कश्मीर के जंगलों में कई स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं भी हुईं।
मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में मध्यम से व्यापक वर्षा होने का पूर्वानुमान जारी किया है। अब तक अमरनाथ यात्रा के दौरान 3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

