Amarnath Yatra 2026: 3 जुलाई से शुरू होगी पवित्र यात्रा, 28 अगस्त को समापन, रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से
Amarnath Yatra 2026: ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पहली पूजा 29 जून को, श्रद्धालुओं के लिए 15 अप्रैल से ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
Amarnath Yatra 2026: श्री अमरनाथ यात्रा की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। इस वर्ष यह पवित्र यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 (रक्षा बंधन) तक चलेगी। कुल मिलाकर यात्रा की अवधि 57 दिनों की होगी। यह जानकारी उपराज्यपाल जम्मू-कश्मीर के ऑफिस ने एक्स पर पोस्ट कर दी।
यात्रा से पहले ज्येष्ठ पूर्णिमा (29 जून 2026) को पहली पूजा की जाएगी, जिसे यात्रा की औपचारिक शुरुआत का संकेत माना जाता है। श्रद्धालुओं के लिए यात्रा का एडवांस रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल 2026 से शुरू होगा। यह प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध रहेगी।
बता दें, अमरनाथ गुफा में स्थित प्राकृतिक हिमलिंग (बर्फ से बना शिवलिंग) भगवान शिव का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि यहीं भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य (अमर कथा) सुनाया था। हर साल लाखों श्रद्धालु कठिन पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए इस गुफा तक पहुंचते हैं और बाबा बर्फानी के दर्शन करते हैं। यह यात्रा आस्था, तपस्या और भक्ति का प्रतीक मानी जाती है।
क्यों खास है यह यात्रा?
- हिमालय की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा
- प्राकृतिक रूप से बनने वाला शिवलिंग
- कठिन परिस्थितियों में आस्था की परीक्षा
- देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु

