अब बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे में हेराफेरी के आरोपों से मचा हड़कंप, BKTC ने जांच के दिए आदेश
Badrinath Donation Theft: काल भैरव सेना अध्यक्ष ने कर्मचारी पर चंदा चोरी का आरोप लगाया, CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग; मंदिर समिति बोली- दोषी मिला तो होगी सख्त कार्रवाई
Badrinath Donation Theft: अयोध्या में श्री राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों के बाद अब विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
काल भैरव सेना के अध्यक्ष संजीव खत्री ने आरोप लगाया है कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष के निजी सहायक के रूप में कार्यरत एक कर्मचारी ने मंदिर में आए चढ़ावे में हेराफेरी की है। उन्होंने दावा किया कि कथित घटना सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच हुई और उस समय की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए। उनका यह दावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इन आरोपों के बाद श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने जांच के आदेश दिए हैं। समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए आंतरिक जांच समिति गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि जांच में कोई भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या के बाद अब बद्रीनाथ मंदिर में भी चंदा चोरी ?
काल भैरव सेना के अध्यक्ष संजीव खत्री ने आरोप लगाया है कि BKTC के अध्यक्ष के निजी सहायक बद्रीनाथ मंदिर से चंदा चोरी किया है। खत्री ने कहा कि चोरी सुबह 8.00-8.30 बजे के बीच हुई है, उस समय की CCTV फुटेज सार्वजनिक हो।
उधर BKTC के… pic.twitter.com/ltcxxWtEaz
— Ajit Singh Rathi (@AjitSinghRathi) July 3, 2026
हेमंत द्विवेदी ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे दावों का खंडन करते हुए कहा कि जिस कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है और पहले भी समिति के तीन अध्यक्षों के साथ वैयक्तिक सहायक के रूप में कार्य कर चुका है।
बदरीनाथ धाम के चढ़ावे को लेकर विवाद गहरा गया है। काल भैरव सेना के अध्यक्ष संजीव खत्री ने आरोप लगाया है कि बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सहायक द्वारा बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी की गई है।
वहीं, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर वायरल आरोपों का संज्ञान लेते हुए… pic.twitter.com/5OczcM2Ih2
— bhUpi Panwar (@askbhupi) July 4, 2026
वहीं, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि वायरल आरोपों के बाद मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई। हालांकि उपलब्ध फुटेज में अपेक्षित स्पष्टता नहीं मिल सकी। मामले की पूरी जानकारी समिति अध्यक्ष को दे दी गई है और उनके निर्देश पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विस्तृत जांच के लिए गठित की जा रही आंतरिक जांच समिति उपलब्ध साक्ष्यों, तथ्यों और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
मंदिर समिति ने यह भी अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को फैलाने से बचा जाए। समिति का कहना है कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े विश्वविख्यात श्री बदरीनाथ धाम से संबंधित है, इसलिए तथ्यों के सामने आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: अयोध्या श्री राम मंदिर में चढ़ावा विवाद के बाद BKTC अलर्ट, बद्री-केदार मंदिरों में चढ़ावे और दान पर सख्त निर्देश जारी

