Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Air India Immigration Lapse : दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी चूक... इमिग्रेशन के बिना म्यूनिख पहुंचे 3 Italian यात्री, एयर इंडिया को नोटिस जारी

आव्रजन चूक के मामले में एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस, गृह मंत्रालय ने बुलाई बैठक

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
प्रतीकात्मक चित्र
Advertisement

Air India Immigration Lapse : नागर विमानन मंत्रालय ने कथित आव्रजन चूक को लेकर एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस चूक के चलते तीन इतालवी यात्री दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन प्रक्रिया पूरी किए बिना कनेक्टिंग उड़ान से म्यूनिख पहुंच गए थे। इस मामले पर चर्चा के लिए गृह मंत्रालय ने मंगलवार को संबंधित हितधारकों की बैठक बुलाई है।

सूत्रों के मुताबिक, तीनों यात्री चार सितंबर को अमृतसर से दिल्ली पहुंचे थे और इसके बाद दिल्ली से लुफ्थांसा की म्यूनिख जाने वाली उड़ान में सवार हो गए। हालांकि, उन्होंने दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन प्रक्रिया पूरी नहीं की थी। एयर इंडिया की तरफ से इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं आई है। सूत्रों ने बताया कि नागर विमानन मंत्रालय ने कथित प्रक्रियागत चूक पर एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन से स्पष्टीकरण मांगा है। इस संबंध में मंगलवार को होने वाली बैठक की अध्यक्षता गृह सचिव गोविंद मोहन करेंगे।

Advertisement

इसमें नागर विमानन मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, गृह मंत्रालय में केंद्रशासित प्रदेश एवं विदेशी नागरिक प्रभाग के अतिरिक्त सचिव, आव्रजन ब्यूरो के आयुक्त, एयर इंडिया के सीईओ और दिल्ली हवाई अड्डे के सीईओ के शामिल होने की उम्मीद है। एयर इंडिया ने अमृतसर समेत कुछ हवाई अड्डों से 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल के तहत उड़ानें शुरू की हैं। इस व्यवस्था में यात्री मूल हवाई अड्डे पर ही आव्रजन प्रक्रिया पूरी कर लेते हैं और हब हवाई अड्डे पर केवल सुरक्षा जांच के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सवार होते हैं। मसलन, अमृतसर से दिल्ली होकर किसी विदेशी गंतव्य की यात्रा में अमृतसर 'स्पोक' और दिल्ली 'हब' होगा।

Advertisement

हालांकि, सूत्रों ने कहा कि इटली के तीनों यात्रियों की अमृतसर-दिल्ली और दिल्ली-म्यूनिख उड़ानें एयर इंडिया के 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल के तहत नहीं थीं। उन्हें अमृतसर हवाई अड्डे पर दिल्ली के साथ-साथ म्यूनिख की लुफ्थांसा उड़ान के लिए भी बोर्डिंग पास जारी किए गए थे। ऐसे में दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें आगमन क्षेत्र से बाहर निकलकर आव्रजन प्रक्रिया पूरी करनी थी और इसके बाद लुफ्थांसा की उड़ान लेनी थी। लेकिन दिल्ली हवाई अड्डे पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय ट्रांसफर क्षेत्र में ले जाया गया। इसके कारण वे आव्रजन काउंटर तक नहीं पहुंचे और आव्रजन प्रक्रिया पूरी किए बिना ही म्यूनिख की उड़ान में सवार हो गए। एयर इंडिया और लुफ्थांसा के बीच इंटरलाइन साझेदारी है। इस समझौते के तहत यात्री एक ही यात्रा कार्यक्रम के तहत अलग-अलग एयरलाइन की कनेक्टिंग उड़ानों से यात्रा कर सकते हैं।

Advertisement
×